देवरिया। एल्विश यादव के बाद एक और बिग बॉग विनर विवादों में आ गए हैं। इस बार बिग बॉस 17 के विजेता मुनव्वर फारुकी फंसते नजर आ रहे हैं। यहां पर भी मामला नशे से जुड़ा हुआ है। दरअसल मुंबई पुलिस ने मंगलवार को एक हुक्का बार से 14 लोगों को हिरासत में लिया, जिसमें बिग बॉस विजेता और स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी भी शामिल थे। हालांकि इस मामले में मुनव्वर फारुकी ने अब किसी प्रकार का स्टेटमेंट या सफाई नहीं दी है।
हर्बल की जगह तंबाकू के उपयोग का संदेह
पुलिस ने सूचना के आधार पर फोर्ट इलाके के एक हुक्का पार्लर में छापा मारा। हुक्का बार में हर्बल बताकर नशीले तंबाकू का इस्तेमाल किए जाने की सूचना मिली थी। जिस वक्त पुलिस ने कार्रवाई की उस वक्त बार में अन्य लोगों के अलावा मुनव्वर फारुकी भी मौजूद थे। पुलिस ने फारुकी समेत 14 लोगों को हिरासत मे लिया था। पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हालांकी देर रात पुलिस ने सभी आरोपियों को रिहा कर दिया था।
टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए थे मुनव्वर: पुलिस
पुलिस ने कहा कि छापे के दौरान मुनव्वर फारुकी भी मौजूद थे और टेस्ट रिपोर्ट में वो पॉजिटिव भी पाए गए हैं। क्योंकि ये सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत एक संगीन अपराध की श्रेणी में आता है इसलिए कार्रवाई की गई और दंडित करके छोड़ दिया गया है। दर्ज किए गए मामले में दूसरी धाराएं भी लगाई गई हैं। पुलिस ने हुक्का बार से करीब साढ़े चार हजार रुपए कैश और 9 हुक्का पॉट बरामद किए हैं। आरोपी छोड़ दिए गए हैं लेकिन कार्रवाई और जांच आगे भी जारी रहेगी।