देवरिया। सोमवार को मध्य प्रदेश में नए सीएम के नाम की घोषणा कर दी गई है। अगले 5 सालों के लिए मोहन यादव राज्य के सीएम होंगे।मोहन यादव के नाम पर विधायक दल की बैठक में मुहर लगाई गई। सीएम के लिए जितने नामों के कयास लग रहे थे उनसे हटकर मोहन यादव के नाम के ऐलान ने सबको हैरान कर दिया। रविवार को ही छत्तीसगढ़ के सीएम के नाम का ऐलान किया या है और सोमवार को मध्यप्रदेश के सीएम का भी सस्पेंस खत्म हो गया। दोनों ही राज्यों ने बिना सीएम के चेहरे के अपना चुनाव लड़ा और भाजपा को जीत दिलाई है।


सीएम की रेस में थे ये दिग्गज
मध्यप्रदेश में भाजपा ने चुनाव से पहले सीएम के नाम का ऐलान नहीं किया था। 3 दिसंबर को भाजपा की जीत साफ होने के बाद से ही मुख्यमंत्री के लिए अलग-अलग नामों के कयास लगाए जा रहे थे। जिनमें शिवराज सिंह, प्रह्लाद पटेल, नरेंद्र सिंह तोमर, वीडी शर्मा, ज्योतिरादित्य सिंधिया, कैलाश विजयवर्गीय जैसे बड़े नाम शामिल थे। मोहन यादव के नाम का अनुमान किसी ने नहीं लगाया था। केंद्रीय कमान से हुई बातचीत और विधायक दल की बैठक के बाद मोहन यादव को सीएम पद के लिए चुना गया।

उज्जैन से विधायक हैं मोहन यादव
मोहन यादव उज्जैन के दक्षिण सीट से विधायक हैं। बता दें कि मोहन यादव प्रदेश में उच्च शिक्षा मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने उज्जैन दक्षिण सीट से लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है। उन्होंने पहली बार साल 2013 में विधायक का चुनाव जीता था। मोहन यादव को आरएसएस का बेहद करीबी माना जाता है। उन्होंने छात्र राजनीति से अपने राजनीति करियर की शुरुआत की थी। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में मोहन यादव ने कांग्रेस उम्मीदवार चेतन प्रेमनारायण यादव के खिलाफ 12 हजार 941 वोटों के अंतर से जीत हासिल की है।

मोहन यादव ने व्यक्त किया आभार
सीएम के लिए नाम का ऐलान होने के बाद मोहन यादव ने ट्विट कर पार्टी के प्रति अपना आभार जताया और लिखा –
“मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता को मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल का नेता चुनने के लिए सभी का धन्यवाद, ह्रदय से आभार। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी , आदरणीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी एवं पार्टी के समस्त नेताओं, कार्यकर्ताओं का आभार।
प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हम सब मिलकर मध्य प्रदेश को नई ऊँचाइयों पर लेकर जाएंगे।
जय भाजपा, जय मध्य प्रदेश”

सीएम शिवराज सिंह ने दी बधाई
पूर्व सीएम शिवराज सिंह ने मोहन यादव को बधाई देते हुए लिखा-
कर्मठ साथी श्री डॉक्टर मोहन यादव जी को भाजपा विधायक दल की बैठक में मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री मनोनीत किये जाने पर हार्दिक बधाई। मुझे विश्वादस है कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल मार्गदर्शन में आप मध्यप्रदेश को प्रगति एवं विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जायेंगे तथा जनकल्याण के क्षेत्र में नये कीर्तिमान रचेंगे। इस नई जिम्मेदारी के लिए बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं!