देवरिया। बिहार की बेटी और विधायक श्रेयसी सिंह ने अपने प्रदेश के साथ ही देश का नाम भी रोशन किया है। जमुई से विधायक श्रेयसी सिंह का चयन 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए हुआ है। श्रेयसी पेरिस ओलंपिक में भारत की तरफ से ट्रैप निशानेबाजी में हिस्सा लेंगी। अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ के द्वारा 21 सदस्यीय निशानेबाजी दल का ऐलान किया जा चुका है जिसमें श्रेयसी सिंह का भी नाम शामिल है। इस टीम में राइफल में 08, पिस्टल में 07 और शॉटगन में 7 सदस्य हैं। यह सभी खिलाड़ी पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत की तरफ से हिस्सा लेंगे।
ट्रैप शूटिंग में करेंगी भारत को रिप्रेजेंट
इससे पहले भी श्रेयसी ने कॉनवेल्थ गेम्स में भारत की तरफ से हिस्सा लिया था और गोल्ड मेडल भी लाईं थी। इस प्रतियोगिता में श्रेयसी सिंह ट्रैप शॉटगन में भारतीय दल का हिस्सा होंगी और वह पंजाब की महिला खिलाड़ी राजेश्वरी कुमारी के साथ ट्रैप शूटिंग प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। गौरतलब है कि श्रेयसी सिंह वर्तमान में जमुई विधानसभा से विधायक हैं और खेल के साथ-साथ वह राजनीति में भी सक्रिय हैं। श्रेयसी ने अपने राजनीति के साथ-साथ शूटिंग करियर को भी संभाल रही हैं और दोनों को बेहतरीन तरीके से बैलेंस करके चल रही हैं।
पहले भी पदक जीत चुकी हैं श्रेयसी सिंह
ये पहला मौका नहीं है जब श्रेयसी सिंह देश के लिए मेडल लाने की तैयारी में हैं। सबसे पहले उन्होंने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2014 में रजत पदक जीता था। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया राष्ट्रमंडल खेल 2018 में शूटिंग में गोल्ड मेडल पर निशाना लगाया। पटियाला में हुई 64वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैम्पियनशिप में भी उन्होंने गोल्ड मेडल जीता था। श्रेयसी ने 2019 के विधानसभा चुनाव में पहली बार चुनाव लड़ा और विधायक के रूप में राजनीति करियर की शुरुआत की थी। श्रेयसी पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह और बांका की पूर्व सांसद पुतुल कुमारी की बेटी हैं। श्रेयसी को अर्जुन अवार्ड से भी नवाजा गया है