देवरिया। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में हर साल की तरह इस साल भी शारदीय नवरात्रि के अवसर पर राम लीला का आयोजन किया जा रहा है। रामकथा पार्क में चलने वाली यह राम लीला नवरात्री के पहले दिन यानी 22 सितंबर से शुरु हुई जो दशहरे के दिन 2 अक्टूबर को खत्म होगी। इस बार की राम लीला कुछ खास है क्योंकी इसमें देश-विदेश के प्रसिद्ध कलाकारों ने मंच संभाला है। सबसे बड़ी आकर्षण बनी हैं मिस यूनिवर्स इंडिया मनिका विश्वकर्मा, जो इस मंच पर माता सीता का किरदार निभा रही हैं।
एयरपोर्ट पर अयोध्या की धरती को किया नमन
मनिका विश्वकर्मा बुधवार को अयोध्या पहुंची। एयरपोर्ट पहुंचते ही सबसे पहले उन्होंने श्री राम की जन्मभूमि को छू कर प्रणाम किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। एयरपोर्ट पर ही उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सीता का किरदार निभाने पर उन्होंने भावुक होकर कहा कि- “माता सीता की भूमिका निभाना उनके लिए सौभाग्य और बड़ी जिम्मेदारी है। यह आशीर्वाद समान अवसर है और इसे मैं अपनी पूरी श्रद्धा और समर्पण से निभा रही हूं।” वहीं उनका अभिनय देखने वाले दर्शकों का कहना है कि उनके अभिनय में भक्ति, संवेदना और सौम्यता का समावेश दिखाई देता है।
पुनीत इस्सर बने परशुराम
इसी बार के राम लीला में एक और बड़े कलाकार हिस्सा ले रहे हैं, वो हैं मशहूर अभिनेता पुनीत इस्सर। उन्होंने राम लीला में भगवान परशुराम का किरदार निभाया है। माता सीता के स्वयंबर में पिनाक धनुष टूटने के बाद उनका क्रोध और लक्ष्मण जी के साथ हुए संवाद ने पूरे वातावरण को रोमांचित कर दिया। राम लीला में राहुल भूचर भगवान श्रीराम का अभिनय कर रहे हैं। भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी बाली बने हैं और सांसद व अभिनेता रवि किशन केवट की भूमिका निभा रहे हैं।
विश्व की सबसे बड़ी राम लीला
रामलीला के अध्यक्ष सुभाष मलिक और महासचिव शुभम मलिक ने बताया कि अयोध्या की यह रामलीला विश्व की सबसे बड़ी रामलीला है। पिछले वर्ष इसे 45 करोड़ से अधिक लोगों ने देखा था। इस बार भी इसका सीधा प्रसारण दूरदर्शन और यूट्यूब पर किया जा रहा है ताकि देश-विदेश के करोड़ों रामभक्त घर बैठे राम कथा का आनंद ले सकें।