देवरिया न्यूज़

: :

ICC ने धोनी को दिया खास सम्मान, हॉल ऑफ फेम में मिली जगह

देवरियाभारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को आईसीसी हॉल ऑफ फेम में जगह दी गई है। धोनी इस सम्मान को पाने वाले भारत के 11वें खिलाड़ी बन गए हैं। इस बात की जानकारी आईसीसी ने सोमवार को दी। धोनी के साथ-साथ दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज हाशिम अमला और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्टार बल्लेबाज मैथ्यू हेडन को भी हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है।

इंटरनेशनल क्रिकेट संन्यास ले चुके हैं धोनी

महेंद्र सिंह धोनी ने करीब पांच साल पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी मैच 2019 वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में खेला था, जिसमें भारत को हार का सामना करना पड़ा था और टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। इसके बाद धोनी ने दोबारा भारत के लिए कोई मैच नहीं खेला। अंतत 15 अगस्त 2020 को उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी।

धोनी की कप्तानी में भारत ने जीती कई ट्रॉफी

महेंद्र सिंह धोनी, जिन्हें ‘कैप्टन कूल’ के नाम से जाना जाता है, भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक रहे हैं। रांची से आने वाले धोनी ने भारतीय क्रिकेट टीम को अपनी कप्तानी में तीन प्रमुख आईसीसी खिताब दिलाए 2007 में टी20 विश्व कप, 2011 में वनडे विश्व कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी। वह अब तक के एकमात्र भारतीय कप्तान हैं जिनके नेतृत्व में टीम ने ये तीनों आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम की हैं। इसके अलावा, धोनी की अगुवाई में भारत ने 2010 और 2016 में एशिया कप भी जीते। उन्होंने 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था।

सम्मान पाने वाले धोनी 11वें भारतीय

महेंद्र सिंह धोनी आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले भारत के 11वें क्रिकेटर बन गए हैं। उनसे पहले जिन दस भारतीय खिलाड़ियों को यह प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुका है, उनमें नीतू डेविड, वीरेंद्र सहवाग, डियान एडुल्जी, विनोद मांकड़, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, अनिल कुंबले, कपिल देव, बिशन सिंह बेदी और सुनील गावस्कर शामिल हैं। इनमें सुनील गावस्कर और बिशन सिंह बेदी भारत के सबसे वरिष्ठ खिलाड़ी रहे हैं जिन्हें 2009 में आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया था।

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *