देवरिया। भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार और रांची के राजकुमार महेंद्र सिंह धोनी अब झारखंड विधानसभा चुनाव में एक नई भूमिका में दिखेंगे। चुनाव आयोग ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। धोनी को झारखंड चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। धोनी को विधानसभा चुनावों का ब्रांड एंबेसडर बनाया गया है।
माही करेंगे मतदान की अपील
धोनी झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान मतदाताओं से वोट डालने की अपील करते नजर आएंगे। चुनाव आयोग ने इस संबंध में धोनी से अनुमति मांगी थी, जिसे माही ने स्वीकार कर लिया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने जानकारी दी कि धोनी की सहमति मिलने के बाद चुनाव के दौरान उनकी फोटो और वीडियो का उपयोग स्वीप प्रोग्राम में किया जाएगा। उनका मानना है कि माही की अपील से वोटिंग प्रतिशत में वृद्धि हो सकती है।
पहले भी चुनाव आयोग के ब्रांड एंबेसडर रह चुके हैं माही
महेंद्र सिंह धोनी, जिन्हें कैप्टन कूल के नाम से भी जाना जाता है, पहले भी चुनाव आयोग के ब्रांड एंबेसडर रह चुके हैं। उनके लाखों प्रशंसक झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश में हैं। इसे देखते हुए चुनाव आयोग ने माही की लोकप्रियता को भुनाने के लिए उनकी फोटो और वीडियो का चुनावी प्रचार में इस्तेमाल करने का निर्णय लिया।
पोस्टर और सोशल मीडिया पर दिखेंगे माही
चुनाव आयोग अब धोनी की तस्वीर वाले पोस्टर्स को मतदान केंद्र, चौक-चौराहों और अन्य प्रमुख जगहों पर लगाने की तैयारी में है। इसके साथ ही धोनी सोशल मीडिया और टीवी पर भी मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करते हुए नजर आएंगे।