देवरिया। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर इस समय ब्रिटेन के दौरे पर हैं। इस दौरान लंदन में खालिस्तानी समर्थकों ने उन पर हमला करने की कोशिश की। यह घटना तब हुई जब वे चैथम हाउस थिंक टैंक में कार्यक्रम खत्म करने के बाद अपनी कार में जा रहे थे। इस दौरान एक व्यक्ति उनकी गाड़ी की ओर दौड़ते हुए आया और भारतीय झंडे को फाड़ने की कोशिश की। लंदन पुलिस ने उसे तुरंत पकड़ लिया और जयशंकर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। भारत सरकार ने इस घटना को लेकर ब्रिटिश सरकार से विरोध जताया है। जयशंकर मंगलवार को ब्रिटेन पहुंचे थे।
खालिस्तानी समर्थकों ने किया हंगामा
एस जयशंकर लंदन के चैथम हाउस थिंक टैंक में ‘भारत का उदय और विश्व में भूमिका’ विषय पर एक चर्चा में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब वे अपनी कार से जा रहे थे, तभी सड़क के किनारे खालिस्तानी समर्थकों ने भारत के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। जैसे ही जयशंकर कार में बैठने लगे, एक व्यक्ति तेजी से उनकी ओर दौड़ा और कार के सामने खड़े होकर भारतीय ध्वज को फाड़ दिया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें खालिस्तानी समर्थक कार्यक्रम स्थल के बाहर नारेबाजी करते हुए सुनाई दे रहे हैं।
विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान
विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी करते हुए कहा, “हमने ब्रिटेन में विदेश मंत्री की यात्रा के दौरान सुरक्षा में हुई गड़बड़ी का वीडियो देखा है। हम अलगाववादी और चरमपंथी विचारधारा वाले इस छोटे से समूह की भड़काने वाली गतिविधियों की कड़ी निंदा करते हैं। हम ऐसे तत्वों द्वारा लोकतांत्रिक स्वतंत्रता का दुरुपयोग करने की भी आलोचना करते हैं। हम उम्मीद करते हैं कि ब्रिटिश सरकार इन मामलों में अपने राजनयिक जिम्मेदारियों का पूरी तरह से पालन करेगी।”
6 दिन के दौरे पर हैं विदेश मंत्री
भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर मंगलवार से ब्रिटेन और आयरलैंड की छह दिन के दौरे पर हैं, जिसका मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करना है। जयशंकर इस यात्रा के पहले चरण में लंदन पहुंचे। वहां उन्होंने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और विदेश सचिव डेविड लैमी से मुलाकात की और दोनों देशों के रिश्तों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।