देवरिया। उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थ केदारनाथ मंदिर के कपाट इस वर्ष 22 अप्रैल को शुभ वृष लग्न में श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। इसकी आधिकारिक घोषणा शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में विधि-विधान के साथ की गई। घोषणा के साथ ही देशभर के भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अब 6 महीने तक भक्त बाबा केदारनाथ के दर्शन कर सकेंगे।

शुभ मुहूर्त में खुलेंगे कपाट

मंदिर समिति के अनुसार, बुधवार 22 अप्रैल की सुबह ठीक 8 बजे वृष लग्न में केदारनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे। इसी के साथ छह महीने तक चलने वाली केदारनाथ यात्रा की औपचारिक शुरुआत हो जाएगी। कपाट खुलने के दौरान विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। (Kedarnath Temple Opening Date)

मुख्य पुजारी की जिम्मेदारी तय

इस वर्ष बाबा केदारनाथ धाम में मुख्य पुजारी की जिम्मेदारी टी. गंगाधर लिंग को सौंपी गई है। परंपरा के अनुसार, केदारनाथ में पूजा-अर्चना का कार्य दक्षिण भारत से आए रावल पुजारियों द्वारा ही किया जाता है। कपाट खुलने की घोषणा के बाद से ही श्रद्धालु बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पंजीकरण करा रहे हैं।

बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को

केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के एक दिन बाद बदरीनाथ मंदिर के द्वार 23 अप्रैल को खोले जाएंगे। बदरीनाथ धाम में ब्रह्ममुहूर्त में सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर श्रद्धालुओं को दर्शन का सौभाग्य मिलेगा। इस तिथि की घोषणा वसंत पंचमी के अवसर पर पहले ही की जा चुकी है।

गंगोत्री और यमुनोत्री की तिथि

चारधाम यात्रा के अंतर्गत गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर 19 अप्रैल को खोले जाएंगे। हालांकि इन दोनों धामों के सटीक शुभ मुहूर्त की जानकारी मंदिर समितियों द्वारा अलग से जारी की जाएगी, जिसका श्रद्धालु बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज

चारधाम यात्रा को लेकर राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सड़कों की मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएं और पंजीकरण प्रक्रिया को बेहतर बनाया जा रहा है। वहीं होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। हर साल लाखों श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर पहुंचते हैं और इस बार भी बड़ी संख्या में यात्रियों के आने की उम्मीद जताई जा रही है।

ये भी पढ़ें- अब राष्ट्रगान से पहले बजेगा वंदे मातरम, जानिए क्या है नई गाइडलाइन