देवरिया। फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत अपनी फिल्म ‘तेजस’ के प्रमोशन के लिए गुरुवार को अयोध्या पहुंची हुई थी। कंगना दिल्ली में रामलीला मैदान में रावण दहन में शामिल हुई थीं। यहां से वो यूपी के लिए निकल गईं और अयोध्या पहुंचकर उन्होंने रामलला के दर्शन-पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया और अपनी फिल्म की सफलता की कामना की। कंगना की आने वाली फिल्म तेजस का ट्रेलर लॉन्च हो चुका है और इसे दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं।

मंदिर के लिए हिंदुओं ने शताब्दियो से संघर्ष किया: कंगना
कंगना रनौत ने कहा कि “आखिरकार रामलला का मंदिर बन गया। इसके लिए शताब्दियों से हिन्दुओं ने संघर्ष किया और हमारी पीढ़ी इस ऐतिहासिक दिन की साक्षी बन रही है। मैंने अयोध्या पर एक स्क्रिप्ट लिखी है और रिसर्च भी किया है। मंदिर के लिए 600 वर्षों का लंबा संघर्ष रहा है, लेकिन अगर यह आज संभव हुआ है तो मोदी और योगी सरकार की वजह से। जैसे ईसाईयों का सबसे बड़ा धर्मस्थल वैटिकन सिटी है वैसे ही राम मंदिर हिन्दुओं के लिए है। यह देश और सनातन धर्म के लिए विश्व के सामने सबसे बड़ा सिंबल होगा। हमारी फिल्म तेजस में भी राम मंदिर की काफी अहम भूमिका है।”

लोगों को पसंद आ रहा है फिल्म का ट्रेलर
कंगना की फिल्म तेजस का ट्रेलर लॉन्च हो चुका है। लोगों ने ट्रेलर को खूब प्यार दिया है। यू ट्यूब पर ट्रेलर को मिलियन व्यू मिल चुके हैं। फिल्म में किसी मंदिर में आतंकी हमले की साजिश की कहानी लिखी गई है। जिस साजिश को नाकाम करने में कंगना रनौत बड़ी भूमिका निभाती हैं। कहा जा रहा है कि यह फिल्म भारत की पहली एरियल एक्शन फिल्म है। रोनी स्क्रूवाला प्रोडक्शन के तहत बनी यह फिल्म 27 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो जाएगी।

कंगना ने एक्स पर शेयर की तस्वीरें
कंगना रनौत ने अयोध्या में रामलला की दर्शन करने के बाद अपने एक्स अकाउंट पर तस्वीरें शेयर की और लिखा-
“आओ मेरे राम।
वाह! मैं श्री हरि विष्णु की कृपापात्र हूँ, उनकी भक्त हूँ और आज मुझपे उनकी इतनी कृपा हुई कि मुझे श्री हरि विष्णु अवतार परम पूजनीय, महान धनुर्धारी, तेजस्वी योधा, तपस्वी राजा, मरियादापुरुषोत्तम श्री राम जन्मभूमि के दर्शन करने को मिले।
मेरी फ़िल्म तेजस में रामजन्मभूमि की विशेष भूमिका है, तो ऐसा मन हुआ की राम लल्ला के दर्शन करूँ, धन्य भाग मेरे राम
मेरे राम
मेरे राम …”