देवरिया। अयोध्या में श्रीराम मंदिर के शिलान्यास में पहली ईंट रखने वाले कामेश्वर चौपाल का निधन हो गया। कामेश्वर चौपाल 68 साल के थे उन्होंने दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में अंतिम सांस ली। अगस्त में उनकी किडनी ट्रांसप्लांट की गई थी जिसके बाद लगातार उन्हें स्वास्थ्य संबंधित दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। उनके निधन पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, भारतीय जनता पार्टी, विश्व हिन्दू परिषद् समेत पूरे विचार परिवार में दुख का माहौल है। उनका अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम सुपौला में किया जाएगा।

राम मंदिर के नींव में रखी की पहली ईंट

कामेश्वर चौपाल ने ही 9 नवंबर 1989 को राम मंदिर निर्माण के शिलान्यास कार्यक्रम में पहली ईंट रखी थी। उन्होंने ही ‘रोटी के साथ राम’ का नारा दिया था। अयोध्या के धर्म गुरुओं ने ही कामेश्वर चौपाल को शिलान्यास की पहली ईंट रखने को कहा था। उस वक्त वो वहां विश्व हिंदू परिषद के बिहार के सह संगठन मंत्री के तौर पर मौजूद थे। कामेश्वर चौपाल एक दलित थे, उन्हें मालूम तो था कि कोई दलित पहली ईंट रखने वाला है लेकिन यह शुभ काम उनके हाथों होने वाला इसका उन्हें जरा भी अंदाज नहीं था। मंदिर की पहली ईंट रखने के बाद उन्हे पूरा देश जानने लगा था।

राजनीति में भी सक्रिय थे कामेश्वर चौपाल

कामेश्वर चौपाल राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी होने के साथ-साथ पूर्व बिहार विधान परिषद के सदस्य भी थे। राम मंदिर आंदोलन के साथ-साथ वो राजनीति में भी सक्रिय रहे। 2004 से लेकर 2014 तक वो MLC रहे। इस बीच चुनाव लड़कर भी वो राजनीति में हाथ आजमते रहे लेकिन बड़ी सफलता नहीं मिली। 2020 में उन्हें अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए गठित ट्रस्ट में बिहार से भाजपा नेता के रूप में शामिल किया गया था। कामेश्वर चौपाल को संघ की तरफ से पहले कार सेवक का दर्जा दिया गया था।

पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया दुख

कामेश्वर चौपाल की निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा –“ भाजपा के वरिष्ठ नेता और राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी कामेश्वर चौपाल जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे एक अनन्य रामभक्त थे, जिन्होंने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण में बहुमूल्य योगदान दिया। दलित पृष्ठभूमि से आने वाले कामेश्वर जी समाज के वंचित समुदायों के कल्याण के कार्यों के लिए भी हमेशा याद किए जाएंगे। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति!”

सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी श्रद्धांजलि

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा- “विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय उपाध्यक्ष, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के सदस्य एवं 9 नवम्बर 1989 को आयोजित ऐतिहासिक शिलान्यास समारोह में पूज्य संत गण की उपस्थिति में श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण की प्रथम शिला रखने वाले परम राम भक्त श्री कामेश्वर चौपाल जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उनका पूरा जीवन धार्मिक और सामाजिक कार्यों में समर्पित रहा। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!

प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!”