देवरिया।सावन का महीना आते ही त्योहारों का भी दौर शुरू हो जाता है। तीज-त्योहारों परमहिलाएं श्रृंगार बेहद पसंद करती हैं। हमारी परंपराओं में भी श्रृंगार का खास महत्व है।सोलह श्रृंगार को अगर फैशन और चल रहे ट्रेंड के साथ ताल-मेल बनाते हुए किया जाए तो उसमें चार चांद लग जाते हैं। आज हम इसी पर बात करेंगे कि किस परिधान के साथ कौन सी ज्वेलरी अच्छी लगती है और किस तरह के गहने अभी ट्रेंड में हैं।
कपड़े और गहनों का हो सही कॉम्बिनेशन
अभी का दौर चटक कलर्स का नहीं है। आज लोग दीपावली और शादियों में भी हल्के और पेस्टल कलर्स पसंद कर रहे हैं। अब वो समय नहीं रह गया जब आप त्योहारों में सिर्फ गहरे कलर ही पहना करते थे। ऐसे में अगर आपको वाइब्रेंट लुक चाहिए तो आप सटल कलर के कपड़ें सलेक्ट करें और उस पर ज्वेलरी हेवी डालें। इससे आपका त्योहारी लुक कंप्लीट और फैशनेबल लगेगा। अगर आपने गहरे रंग या हेवी वर्क के कपड़े पहने हुए हैं तो आपको लाइट ज्वेलरी पहननी चाहिए। इस तरह से एक बैलेंस्ड लुक के लिए कपड़ों और गहनों का संतुलन बनाना बहुत जरूरी है।

ग्रीन स्टोन्ड ज्वेलरी का है ट्रेंड
अगर आपने त्योहारों के लिए अलग-अलग रंग के कपड़े लिए हैं और सबके लिए ज्वेलरी लाना पॉसिबल ना हो रहा हो तो आप एक अच्छा सी ग्रीन स्टोन वाली ज्वेलरी ले सकती हैं। अभी ग्रीन ज्वेलरी ऑन ट्रेंड है। आउटफिट चाहे जिस कलर का या जिस भी पैटर्न का हो उसपर ग्रीन ज्वेलरी का कॉम्बीनेशन काफी अच्छा और ट्रेंडी लगता है। अगर आपने कियारा आडवानी के रिसेप्शन का लुक देखा होगा तो उन्होंने ब्लैक एंड व्हाइट ड्रेस पर ग्रीन स्टोन वाली ज्वेलरी डाली हुई थी। उनका यह लुक काफी पसंद किया गया था। इसलिए अपने कलेक्शन में ग्रीन स्टोन की ज्वेलरी जरूर रखें इसे आप किसी भी ड्रेस के साथ मैच कर सकते हैं।

तीज के लिए ट्रेडिशनल लुक है बेस्ट
तीज का त्योहार मुख्य रूप से सुहागन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और उन्नति के लिए रखती हैं। तीज में निर्जला व्रत के साथ सोलह श्रृंगार करने के बाद ही पूजा की जाती है। इसलिए तीज के लिए पारंपरिक परिधान और पारंपरिक गहने ही सबसे ज्यादा अच्छे लगते हैं। ट्रेडिशनल लुक में थोड़ा चेंज चाहती हैं तो साड़ी को पहनने के तरीके में बदलाव करके या अपने गहनों के साथ कुछ नया प्रयोग करके एक नया लुक पा सकती हैं। अगर आप अपनी साड़ी उल्टा पल्ला करके पहन रहीं हैं तो उस पर एक कमरबंध जरूर लगाएं, इससे आपका पूरा लुक चेंज हो जाएगा। चाहें तो साड़ी को सामान्यत तरीके से ड्रैप ना करके लहंगा स्टाइल में ड्रैप करें, और पल्लू लेने के लिए अलग से दुपट्टे का उपयोग करें। गहनों की बात करें तो मांग टीका के लिए आप माथा पट्टी स्टाइल का मांग टीका उपयोग करें जो कि आजकल काफी चलन में है। माथा पट्टी से आप अपने पारंपरिक लुक को अभी चल रहे फैशन के साथ मैच कर सकती हैं।

चोकर से कंप्लीट होगा लुक
ज्वेलरी के बात हो और चोकर की बात ना हो ऐसा हो ही नहीं सकता। चोकर नेकपीस हमेशा से ही चलन में रहे हैं और आजकल इसका ट्रेंड और भी बढ़ गया है। अगर आप बहुत कम गहने पहनना पसंद करती हैं तो एक चोकर सेट आपके लुक को पूरा कर देगा। आजकल मार्केट में और ऑनलाइन स्टोर्स पर भी बहुत से चोकर के डिजाइन्स रिजनेबल प्राइस में उपलब्ध है। आप अपने आउटफिट से मैच करता हुआ चोकर का सेट ले सकते हैं। चोकर के साथ मैचिंग इयर रिंग और बिंदिया का भी सेट मिल जाता है।