टीम इंडियाटीम इंडिया

देवरिया : टीम इंडिया ने एशिया कप 2022 में शानदार आगाज किया है। भारत ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट से जीत हासिल की। इस जीत के हीरो रहे हार्दिक पांड्या ने रोमांचक मैच में 33 रन बनाकर भारत का एशिया कप में विजय आगाज कराया। इस मुकाबले में पांड्या ने पहले तो गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए फिर बल्लेबाजी में अपना दम दिखाकर पाकिस्तान खिलाड़ियों के अरमानों पर पानी फेर दिया। टीम इंडिया की दुबई में शानदार जीत के बाद से देश में जश्न का माहौल है और लगातार टीम इंडिया को बधाई मिल रही है। पीएम मोदी ने भी ट्वीट कर टीम को बधाई दी है।

भारत की जीत के बाद जम्मू कश्मीर में जीत का जश्न मना। ढोल-नगाड़े की थाप पर लोगों ने नाच गाकर खुशियां मनाईं। भारतीय टीम तथा सेना के जयकारे लगाए। आतिशबाजी भी की गई। एलओसी से सटे जिले राजोरी के जवाहर नगर में भी लोग ढोल नगाड़ों की थाप पर देर रात तक नाचते रहे।

वहीं, महाराष्ट्र के नागपुर में भारतीय टीम के जीत का जश्न जोरदार तरीक से मनाया गया। नागपुर में भारत की जीत का जश्न मनाने वाले लोग हाथों में तिरंगा और भगवा ध्वज लिए हुए थे। लोग तिरंगा लहरा रहे थे। देश के अन्य शहरों से भी भारत की जीत का जश्न मनाने की खबरें आ रही हैं।

वहीं, पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘टीम इंडिया ने आज के एशिया कप 2022 मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। टीम ने शानदार कौशल और धैर्य का प्रदर्शन किया है। उन्हें जीत की बधाई।’

गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘एशिया कप 2022 में टीम इंडिया की शानदार शुरुआत। यह एक शानदार रोमांचक मैच था। इस शानदार जीत के लिए पूरी टीम को बधाई। इसे जारी रखना!’

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘क्या रोमांचक मैच है! अच्छा खेली टीम इंडिया। खेलों की सुंदरता यह है कि यह खुशी और गर्व की भावना के साथ देश को प्रेरित और एकजुट करते हैं।’

ये भी पढ़ें : Asia Cup 2022: भारत ने किया पाकिस्तान से हिसाब चुकता, रोहित ब्रिगेड ने पांच विकेट से रौंदा