देवरिया। आईपीएल 2024 का आठवां मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में खेला गया, जो रिकॉर्ड्स और रोमांच से भरा रहा। इस मैच में हैदराबाद ने मुंबई इंडियन्स को 31 रनों से मात दे दी। साथ ही सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर कायम करके इतिहास रच दिया है। हैदराबाद ने मुंबई के खिलाफ खेले जा रहे मैच में 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 277 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जो कि अब तक का सबसे बड़ा आईपीएल स्कोर है। इसके जवाब में मुंबई ने 5 विकेट खोकर 246 रन ही बना पाई। साल 2013 में आरसीबी ने 263 रनों का स्कोर बनाकर रिकॉर्ड कायम किया थाजिसे आज हैदराबाद ने तोड़ दिया है।
हैदराबाद ने शुरुआत से ही की धमाकेदार बैटिंग
मैच में मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बैटिंग करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड और मयंक ने पहले विकेट के लिए 45 रनों की साझेदारी की। इसके बाद ट्रेविस हेड और मयंक अग्रवाल ने दूसरे विकेट के लिए 68 रनों की पारी खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। 11वें ओवर में अभिषेक शर्मा आउट हुए, जिन्होंने 273।91 के स्ट्राइक रेट से 63 रन बनाए। हैदराबाद की तरफ से खेल रहे ट्रेविस हेड ने टीम को एक बेहदरीन शुरुआत दी, उसके बाद अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासेन ने भी अपना बेस्ट देकर टीम को अच्छे खासे स्कोर तक पहुंचाया। क्लासेन ने 34 गेंदों में 4 चौके और 7 छक्कों की मदद से 80 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं अभिषेक ने 3 चौके और 7 छक्कों की मदद से 23 गेंदों में 63 रन और हेड ने 9 चौके और 3 छक्कों की मदद से 24 गेंदों में 62 रन बनाए।
मुंबई के बॉलर्स ने जमकर लुटाए रन
मुंबई के गेंदबाजों ने इस मैच में जमकर रन लुटाए। डेब्यू करने वाले क्वेना मफाका ने 4 ओवर में 66 रन दिए। कप्तान हार्दिक पांड्या ने 4 ओवर में 46 रन दिए और 1 विकेट लिया। गेराल्ड कोएत्जी ने 4 ओवर में 1 विकेट लेकर 57 रन दिए। बुमराह ने 4 ओवर में 36 रन दिए। वहीं 2 ओवर में 1 विकेट लेने वाले पीयूष चावला ने 34 रन लुटाए।