देवरिया। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वुमंस एशिया कप में जीत के साथ शुरुआत की है। भारत ने अपने पहले मुकाबले में पाकिस्तान महिला टीम को 7 विकेट से करारी हार दी है। दांबुला में खेला गया यह मुकाबला एक तरफा भारत के पक्ष में था। भारतीय क्रिकेटर्स ने पाकिस्तानी टीम को 108 रन पर ऑल आउट कर दिया और 35 गेंद बाकी रहते ही मैच अपने नाम कर लिया।
20 ओवर नहीं खेल पाई पाकिस्तानी टीम
श्रीलंका में खेले जा रहे महिला एशिया कप में भारत पाकिस्तान के बीच मुकाबला शुक्रवार को खेला गया। पाकिस्तानी कप्तान निदा डार ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला लिया। भारतीय बॉलर्स ने पाकिस्तान को 20 ओवर भी नहीं खेलने दिया और उनकी पारी 19.2 ओवर में ही 108 रन पर खत्म हो गई। पाकिस्तान की तरफ से सिदरा अमीन ने 25 रन, तूबा हसन व फातिमा हसन ने 22-22 रन, मुनीबा अली ने 11, निदा डार ने 8, आलिया रियाज ने 6 और गुल फिरोजा ने 5 रन बनाए। भारत के लिए सबसे अधिक 3 विकेट दीप्ति शर्मा ने झटके. रेणुका सिंह, पूजा वस्त्राकर और श्रेयांका पाटिल ने 2-2 विकेट लिए।


मैच जीता लेकिन अर्धशतक से चूके ओपनर बल्लेबाज
भारत की तरफ से पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की जोड़ी ने जमकर रन बरसाए और टीम को एक बेहतरीन शुरुआत दी। दोनों ने 9.3 ओवर में 85 रन बनाए। लेकिन दोनों ही बल्लेबाज अपना अर्धशतक बनाने से चूक गए। स्मृति मंधाना 31 गेंद पर 45 रन बनाकर आउट हुईं और शेफाली वर्मा ने 29 गेंद पर 40 रन बनाए। हेमलता ने 11 गेंद पर 14 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 5 रन और जेमिमाह रोड्रिगेज ने 3 रन बनाकर 14.1 ओवर में मैच भारत के नाम कर लिया।