देवरिया। एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय महिला हॉकी टीम की शानदार जीत पर पूरे देश के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी टीम को बधाई दी है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर खिलाड़ियों के लिए संदेश लिखा और अपनी खुशी जाहिर की। भारतीय महिला टीम ने फाइनल मुकाबले में 2 बार चैंपियन रही जापान को 4-0 से शिकस्त दी और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इससे पहले साल 2016 में महिला हॉकी टीम ने यह खिताब अपने नाम किया था।

खिलाड़ियों को 2-2 लाख रुपए देगा हॉकी इंडिया
चैंपियंस ट्रॉफी में जापान ने 2013 और 2021 में यह खिताब अपने नाम किया था। यह मुकाबला रविवार को रांची के मारंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में फाइनल खेला गया । जीत के बाद, हॉकी इंडिया ने ट्वीट कर एलान किया कि प्रत्येक खिलाड़ी को तीन-तीन लाख रुपये इनाम के रूप में दिए जाएंगे। इसके के साथ सहयोगी स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1.5 लाख रुपये इनाम के रूप में दिए जाएंगे।
भारतीय टीम ने शुरुआत से बनाई रखी पकड़
मैच के शुरुआती क्वार्टर में भारत ने गेंद पर कब्जा बनाए रखा था। गोलकीपर सविता पुनिया ने जापान को गोल करने से रोके रहा। पहला हाफ खत्म होने तक जापान को कई पेनाल्टी शूटआउट मिले लेकिन टीम के साथ मिलकर सविता ने सारे पेनाल्टी विफल कर दिए और गोल होने से बचा लिया। तीसरे क्वॉर्टर में भारत ने दूसरा गोल किया। इसके बाद लालरेम्सियामी और वंदना कटारिया ने अंतिम क्षणों में दो और गोल कर दिए, जिससे भारत की जीत पक्की हो गई। भारत के लिए संगीता कुमारी ने 17वें मिनट पर, नेहा ने 46वें मिनट पर, लालरेमसिआमी ने 57वें मिनट पर और वंदना कटारिया ने 60वें मिनट पर गोल दागे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम की तारीफ की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला हॉकी टीम की इस जीत पर उन्हें बधाई दी और अपने एक्स अकाउंट पर लिखा-
“भारत की नारी शक्ति ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया!
एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 में प्रतिष्ठित स्वर्ण पदक जीतने के लिए हमारी शानदार हॉकी टीम को बधाई! कौशल, अटूट जुनून और निरंतर दृढ़ संकल्प के उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने वास्तव में हमारे दिलों को गर्व से भर दिया है।”
अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाने के लिए चैंपियंस को बधाई!