देवरिया। जहां एक तरफ भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम टी-20 वर्ल्डकप के फाइनल तक पहुंच गई है वहीं महिला क्रिकेट टीम ने भी एक बड़ा रिकॉर्ड बना लिया है। चेन्नई में भारतीय महिला क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रिका की क्रिकेट टीम के बीच एक मात्र टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इस मैच के पहले दिन भारतीय टीम ने 525 रन बनाकर इतिहास रच दिया। शेफाली वर्मा ने दोहरा शतक बनाया और फॉर्म में चल रही स्मृति मंधाना ने 149 रन बनाकर भारत को महिला टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में कई रिकॉर्ड तोड़ने में मदद की।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रचा ये रिकॉर्ड
टेस्ट मैच में वुमेंस टीम ने अब तक का मेंस और वुमेंस दोनों टेस्ट मैचों में एक दिन में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड कायम किया है। भारत ने 22 साल के अंतराल के बाद अपना सबसे बड़ी टेस्ट पारी स्कोर भी दर्ज किया। भारत की महिला टीम ने 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट पारी में 467 रन बनाए थे, जो संयुक्त रूप से तीसरा सबसे बड़ा स्कोर था। भारत के पास छह विकेट बचे हैं और शनिवार को दूसरे दिन भारत ऑस्ट्रेलिया के 575 रन के ऑल-टाइम रिकॉर्ड को तोड़ने की पूरी उम्मीद है। शेफाली वर्मा 197 गेंदों पर 205 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहीं और महिला टेस्ट में दोहरा शतक बनाने वाली दूसरी भारतीय और दुनिया की दसवीं क्रिकेटर बन गईं।
ओपनिंग विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी
टॉस जीतकर टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा मैच की ओपनिंग बल्लेबाज रहीं। इन दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 292 रन जोड़कर महिला टेस्ट क्रिकेट में ओपनिंग विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड बनाया। मंधाना ने 161 गेंदों पर 27 चौकों और एक छक्के की मदद से 149 रन बनाकर अपना बेस्ट टेस्ट स्कोर दर्ज किया। ऑफ स्पिनर डेलमी टकर ने 52वें ओवर में मंधाना का विकेट लेकर साउथ अफ्रीका को सफलता दिलाई।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक की पारी
पहले दिन का खेल खत्म होने तक शेफाली ने अपना दोहरा शतक पूरा कर लिया था, इसके साथ ही वो महिला टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में दोहरा शतक बनाने वाली दूसरी भारतीय और दसवीं क्रिकेटर बन गईं हैं। शेफाली, मिताली राज के 214 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ने से मात्र 9 रन पीछे थी लेकिन उससे पहले ही रन आउट हो गईं। जेमिमा रोड्रिग्स ने भी 94 गेंदों पर 55 रन बनाए और अपने फॉर्म में वापस आईं। कप्तान हरमनप्रीत कौर और युवा विकेटकीपर ऋचा घोष ने पांचवें विकेट के लिए नाबाद 75 रन जोड़कर भारत को 98 ओवर में 525/5 के स्कोर तक पहुंचाया।