देवरिया।एशिया कप 2023 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टीम के लिए 17 खिलाड़ियों का चयन किया है। टीम में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी हुई है वहीं तिलक वर्मा के नाम का ऐलान सबके लिए हैरान करने वाला था। एशिया कप के लिए रोहित शर्मा टीम इंडिया के कप्तान होंगे। सिलेक्शन कमेटी ने बैठक के बाद टीम और कैप्टन का ऐलान किया है। टीम में इस बार युजवेंद्र चहल को जगह नहीं मिली है


चीफ सेलेक्टर के साथ बैठक के बाद टीम का ऐलान
एशिया कप के लिए टीम का चयन करने के लिए चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने बैठक की। इस मीटिंग में हेड कोच राहुल द्रविड और कप्तान रोहित शर्मा भी शामिल हुए। रोहित शर्मा जहां टीम की कप्तानी करेंगे वहीं हार्दिक पंड्या को वाइस कैप्टन चुना गया है। एशिया कप 30 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। हाईब्रिड मॉडल के आधार पर खेले जाने वाले टूर्नामेंट के 4 मैच ही मेजबान पाकिस्तान के मैदान पर खेले जाएंगे, जबकि बाकी सभी 9 मैच जिसमें फाइनल भी शामिल है श्रीलंका में खेले जाएंगे। टीम इंडिया अपने सारे मैच श्रीलंका में खेलगी।

इन 17 खिलाड़ियों का हुआ चयन
टीम इंडिया में जिन खिलाड़ियों का चयन हुआ है, उनमें-रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पांड्या (उप-कप्तान),शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा,केएल राहुल, ईशान किशन, रवींद्र जड़ेजा, शार्दुल ठाकुर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रित बुमराह, मोहम्मद शमी, मो. सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा शामिल हैं, वहीं संजू सैमसम को बैकअप के तौर पर रखा गया है। एशिया कप के लिए चुने गए खिलाड़ियों में 3 ऐसे भी खिलाड़ी भी हैं जो कुछ समय से टीम से बाहर चल रहे थे। लेकिन एशिया कप में उन्होंने वापसी कर ली है। जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल और श्रेयस अय्यर तीनों ही चोटिल होने की वजह से नहीं खेल रहे थे। जशप्रीत बुमराह ने आयरलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज में टीम में वापसी कर ली थी, वहीं केएल राहुल और श्रेयस सीधे एशिया कप में खेलने के लिए उतर रहे हैं।