देवरिया। ओलंपिक 2024 में भारत की हॉकी टीम ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया है। गुरुवार को हुए मुकाबले में भारत ने स्पेन को 2-1 से मात देकर मेडल अपने नाम किया। टोक्यो ओलंपिक में भी भारतीय हॉकी टीम ने ब्रांज मेडल जीता था। इस मेडल को मिलाकर हॉकी में में अब भारत के पास 13 ओलंपिक मेडल्स हैं।
हरमनप्रीत सिंह के 2 गोल ने दिलाई जीत
स्पेन और भारत के बीच हुए इस प्लेऑफ मुकाबले में कैप्टन हरमनप्रीत सिंह ने अपने जबरदस्त गेम से भारत को मेडल तक पहुंचाया है। पहले क्वार्टर में जोरदार टक्कर हुई। दोनों टीमों में से कोई गोल नहीं कर पाया। पहला क्वार्टर 0-0 की बराबरी पर खत्म हुआ है. दूसरे क्वार्टर के तीसरे मिनट में स्पेन ने पेनाल्टी स्ट्रोक में एक गोल किया और 1-0 से बढत बना ली। दूसरे क्वार्टर के आखिरी मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोलकर 30वें मिनट में भारत को बराबरी दिलाई। अब स्कोर 1-1 से बराबर था। तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में एक बार फिर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल कर भारत को 2-1 से आगे किया और आखिरी तक बढ़त बनाए रखी।
गोलकीपर पीआर श्रीजेश का संन्यास
इस जीत के साथ ही टीम के स्टार गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने हॉकी से संन्यास का ऐलान किया। टीम की दीवार कहलाने वाले श्रीजेश ने पहले ही ओलंपिक के बाद संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी। पूरी टीम और श्रीजेश के फैन चाहते थे कि उन्हें मेडल के साथ विदाई दी जाए। टूर्नामेंट में श्रीजेश ने बहुत से महत्वपूर्ण गोल रोककर टीम को ब्रांज मेडल तक पहुंचाया है।