देवरिया। शिखर धवन ने अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। उन्होंने 24 अगस्त की सुबह एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए अपने रिटायरमेंट की घोषणा की। ‘गब्बर’ के नाम से मशहूर इस बाएं हाथ के बल्लेबाज को टीम से बाहर किए हुए काफी समय हो चुका था। शुभमन गिल जैसे युवा ओपनर्स के उभरने के बाद उनकी टीम में वापसी की संभावना कम होती जा रही थी। उन्होंने आईपीएल खेलेंगे या नहीं, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी है। लगभग 39 वर्ष की उम्र में शिखर धवन ने 2010 में भारत के लिए पहली बार वनडे क्रिकेट खेला था, इसके बाद उन्हें टी-20 और टेस्ट फॉर्मेट में भी डेब्यू का मौका मिला।
गब्बर का स्टाइल था फेमस
रोहित शर्मा और शिखर धवन ने कई वर्षों तक भारतीय टीम के लिए एक साथ ओपनिंग करते हुए शानदार साझेदारियां कीं, जिससे टीम को तेज और मजबूत शुरुआत मिलती थी। शिखर धवन ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अपने डेब्यू मैच में ही सबसे तेज टेस्ट शतक जड़कर सलेक्टर्स को हैरान कर दिया था। दिल्ली से ताल्लुक रखने वाले धवन अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते थे, जो गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने में माहिर थे। घुमावदार मूंछों के साथ उन्होंने एक नया स्टाइल स्टेटमेंट स्थापित किया, जबकि कैच पकड़ने के बाद जांघ पर हाथ मारने वाला उनका सिग्नेचर सेलिब्रेशन हमेशा से ही फैंस का फेवरेट रहा।
तूफानी रहा शिखर IPL करियर
शिखर धवन आईपीएल में लगातार दो शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी हैं। आईपीएल में सबसे ज्यादा चौके लगाने का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है। कुल रनों के मामले में वह केवल विराट कोहली से पीछे हैं। धवन ने 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के साथ आईपीएल का खिताब जीता। SRH के अलावा, धवन ने दिल्ली डेयरडेविल्स (डीडी), दिल्ली कैपिटल्स (डीसी), डेक्कन चार्जर्स, मुंबई इंडियंस (एमआई), और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के लिए भी खेला है। उन्होंने पंजाब किंग्स और SRH दोनों टीमों की कप्तानी भी की है।