देवरिया। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज हार्दिक पंड्या और उनकी पत्नी नताशा स्टैनकोविच के बीच तलाक हो रहा है। पिछले कुछ महीनों से खबरों में और सोशल मीडिया पर दोनों के बीच तलाक की खबरें और उनसे जुड़े मीम काफी वायरल हो रहे थे। लेकिन किसी की तरफ से तलाक पर कोई ऑफिशियली स्टेटमेंट नहीं आया था। गुरुवार को हार्दिक ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट लिखकर अब इस बात को साफ कर दिया है कि दोनों ने आपसी समझौते से अलग होने का फैसला लिया है। आपको बता दें हार्दिक पंड्या और नताशा स्टैनकोविच ने चार साल पहले 31 मई 2020 को शादी की थी।
IPL के समय से ही लगाए जा रहे थे कयास
नताशा और हार्दिक के रिश्ते में आई खटास का अंदाजा उसी समय से लगाया जा रहा था जब आईपीएल 2024 के किसी मैच में नताशा, हार्दिक को सपोर्ट करने नहीं आई थीं। इसी बीच उन्होंने इंस्टाग्राम से अपने नाम से पंड्या भी हटा लिया था और हार्दिक की संपत्ति को लेकर भी कुछ ऐसा पोस्ट किया था जिसने दोनों की तलाक की खबरों को हवा दे दी थी। आईपीएल के इस सीजन से कुछ दिनों पहले ही नताशा अपने बेटे को लेकर अपने माता-पिता के पास रहने चली गई थीं।
हार्दिक ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा लंबा पोस्ट
तलाक की जानकारी देते हुए हार्दिक पंड्या ने लिखा – ‘नताशा और मैंने चार साल साथ रहने के बाद आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है। हमने इस रिश्ते को बचाने के लिए पूरी कोशिश की और अपना सब कुछ लगा दिया। लेकिन अब हमें लगता है कि हम दोनों के लिए यही सही फैसला है। यह हमारे लिए बहुत मुश्किल फैसला था। हमने साथ में खुशी के पल बिताए, एकदूसरे के सम्मान का ख्याल रखा, साथ एंजॉय किया और एक फैमिली के तौर पर आगे बढ़ें।
पोस्ट में बेटे की परवरिश के बारे में भी लिखा
हार्दिक ने बेटे अगस्त्य की परवरिश के बारे में बताते हुए लिखा कि- ‘हम अगस्त्य को पाकर खुशकिस्मत हैं। वह हमारी जिंदगी का आधार बना रहेगा। हम दोनों मिलकर उसकी परवरिश करेंगे। हम सुनिश्चित करेंगे कि उसे दुनिया की सारी खुशियां मिले। इसके लिए हम जो कर सकेंगे, वह सब करेंगे। उम्मीद है कि हमें आपका सपोर्ट मिलेगा और आप इस मुश्किल घड़ी में हमारी प्राइवेसी को समझ सकेंगे।’ तलाक की बात शेयर करने के बाद हार्दिक और नताशा ने अपने-अपने कमेंट सेक्शन को ऑफ कर दिया है।