देवरिया। शनिवार को हुए टी-20 वर्ल्डकप के रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रिका को 7 रनों से हरा दिया है। इस शानदार जीत के साथ ही भारतीय क्रिकेट टीम अब 17 सालों बाद टी-20 वर्ल्डकप की ट्रॉफी देश लेकर आएगी। टीम इंडिया वर्ल्डकप के पूरे मैच में अजेय रही। भारतीय टीम ने देश को ट्रॉफी दिलाकर अब वर्ल्डकप 2023 में मिली हार से क्रिकेट फैंस को हुई निराशा और दर्द को भी खत्म कर दिया है। विराट कोहली प्लेयर ऑफ द मैच रहे वहीं बुमराह को प्लेयर ऑफ दा टूर्नामेंट का खिताब मिला।


खराब रही शुरुआत, बाद में टीम ने पकड़ी रफ्तार
टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और रोहित-कोहली की जोड़ी मैदान पर उतरी, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा 9 रन बनाकर ही आउट हो गए। दूसरी तरफ कोहली 14 रन पर खेल रहे थे। रोहित के बाद आए पंत बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। वहीं तीसरे नंबर पर आए सूर्यकुमार यादव भी 3 रन बनाकर ही आउट हो गए। इस वक्त भारत का स्कोर 4.3 ओवर में 3 विकेट पर 34 रन था। लगातार तीन बैट्समैन का दस से भी कम रनों पर आउट होने के बाद दर्शक दीर्घा में बैठे फैंस में निराशा आ गई थी। लेकिन सूर्यकुमार के बाद आए अक्षर पटेल ने अपनी शानदार पारी से फिर से उम्मीद जगाई और 47 रनों का योगदान देकर टीम इंडिया को एक मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

कोहली और अक्षर पटेल ने की 72 रन की साझेदारी

तीन विकेट गांवाने के बाद क्रिज पर उतरे अक्षर पटेल ने टीम के स्कोर को संभाला। एक तरफ विराट कोहली धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए क्रिज पर टिके थे और दूसरी तरफ अक्षर पटेल ने चौकों-छक्कों की बरसात करके 31 गेंद पर 47 रन बनाए। अक्षर पटेल और कोहली ने 54 गेंदों पर 72 रन की शानदार पारी खेली और टीम को एक अच्छी रफ्तार भी दी। अक्षर पटेल के आने से पहले टीम का स्कोर 3 विकेट पर 34 रन था वहीं उनके रन आउट होने तक टीम का स्कोर 13.3 ओवर में 4 विकेट पर 106 रन तक पहुंच चुका था।

अर्धशतक के बाद कोहली के बल्ले ने पकड़ी रफ्तार

विराट कोहली ने अपनी अर्धशतकीय पारी के बाद रफ्तार पकड़ी। कोहली ने 59 रनों पर 76 रन बनाए। कोहली और शिवम दुबे के बीच 26 गेंदों में 43 रनों की साझेदारी हुई। शिवम दुबे 13 गेंदों पर 22 रन बनाकर आउट हो गए। विराट कोहली को मार्को यानसेन ने कैच आउट कराया। हार्दिक पंड्या 5 रन बनाकर आउट हुए जबकी विराट कोहली के बाद क्रिज पर आए जडेजा आखिरी गेंद पर आउट हो गए। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 176 रनों का स्कोर खड़ा किया।

साउथ अफ्रिका की पारी

177 रनों के टारगेट का पीछा करने मैदान पर उतरी टीम साउथ अफ्रिका की टीम ने कड़ी टक्कर दी। टीम साउथ अफ्रिका ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 169 रन बनाए। हालांकी शुरुआत में बुमराह ने हेंड्रिक्स को 4 रनों पर बोल्ड किया जिसके ठीक बाद अर्शदीप ने कैप्टन एडन मारक्रम को 4 रनों पर आउट किया, तब मैच एकतरफा होते नजर आ रहा था। लेकिन उसके बाद हेनरिक क्लासेन की अर्धशतकीय पारी और डी कॉक के 39 रनों की पारी से टीम इंडिया दबाव में नजर आ रही थी। मैच के आखिरी ओवर में भारतीय गेंदबाजों ने अपना कमाल दिखाया और टीम को इस ऐतिहासिक जीत तक पहुंचाया। मैच में हार्दिक पंड्या ने महत्वपूर्ण 3 विकेट लिए वहीं बुमराह और अर्शदीप को 2-2 विकेट मिले, अक्षर पटेल ने एक विकेट लिया।

फोटो- सौजन्य एक्स