देवरिया। पैरा ओलंपिक में भारत के खिलाड़ियों का जलवा बरकरार है। टूर्नामेंट के हर दिन मेडल आने का सिलसिला जारी है। सातवां दिन यानी की 4 सितंबर भारत के लिए बेहद खास रहा। इस दिन भारत के गोल्ड लिस्ट में 2 और गोल्ड शामिल हो गए।
हरविंदर सिंह ने दिलाया गोल्ड

पैरा आर्चर हरविंदर सिंह ने मेंस रिकर्व आर्चरी में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। पैरा ओलंपिक के इतिहास में आर्चरी में भारत का यह पहला गोल्ड मेडल है। हरविंदर सिंह ने पोलैंड के खिलाड़ी लुकास सिजेक को 6-0 से मात दी। उन्होंने गेम में 28-24, 28-27, 29-25 के सीधे सेटों में जीत हासिल की। आपको बता दें हरविंदर ने टोक्यो ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया था।


क्लब थ्रो में आया पहला मेडल
पैरा एथलीट्स उन गेम्स में भी कमाल कर रहे हैं जिनके बारे में ज्यादा लोगों ने सुना नहीं होगा। 4 सितंबर को क्लब थ्रो में ही भारत को दो-दो मेडल मिले। क्लब थ्रो F-51 इवेंट में धर्मबीर ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं प्रणव सूरमा ने सिल्वर मेडल जीता। भारतीय खेलों के इतिहास में पहली बार क्लब थ्रो में किसी खिलाड़ी ने जीत हासिल की है। धर्मबीर ने 34.92 मीटर थ्रो कर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया और प्रणव सूरमा ने 35.59 मीटर थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता।


पदक तालिका में भारत का स्थान
पैरा ओलंपिक के सातवें दिन तक भारत 5 गोल्ड मेडल समेत कुल 24 मेडल जीत चुका था। पदक तालिका में भारत 15वें स्थान पर है। पैरा ओलंपिक में अभी आगे और भी मेडल आने की उम्मीद है।