देवरिया। टी 20 वर्ल्डकप 2024 के सुपर-8 के दूसरे मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 50 रनों से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। ऑस्ट्रेलिया की अफगानिस्तान पर जीत के साथ ही उसको एंट्री मिल जाएगी। वहीं हार के बाद बांग्लादेश सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई है और उसका सफर यहीं खत्म हो गया है।

भारतीय टीम की शुरुआत रही अच्छी

मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया जिसके बाद कप्तान रोहित शर्मा ने 11 गेंदों में तीन चौके और एक सिक्स की मदद से 23 रन बनाए और विराट कोहली ने 37 रन जोड़कर टीम को एक अच्छी शुरुआत दिलाई। हार्दिक पंड्या ने अर्धशकत लगाकर टीम को 196 के स्कोर तक पहुंचने में बड़ा योगदान दिया। हार्दिक ने 27 गेंदों में चार चौकों और 3 छक्कों की मदद से 50 रन बनाए। इनके अलावा टीम इंडिया से ऋषभ पंत ने 36 और शिवम दुबे ने 34 रन बनाए। बांग्लादेश की तरफ से तंजीम हसन साकिब और रिशाद हुसैन ने 2-2 विकेट लिए।


बांग्लादेश ने शुरुआती ओवरों में नहीं गंवाए विकेट
बांग्लादेश ने शुरुआती 4 ओवरों में एक भी विकेट नहीं खोए लेकिन रन जिस रफ्तार से बनना चाहिए था वो नहीं हो पाया। पांचवे ओवर में बांग्लादेश का पहला विकेट हार्दिक पंड्या ने लिट्टन दास के रूप में लिया। लिट्टन 13 रन बनाकर आउट हो गए। 10वें ओवर में कुलदीप यादव ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई। कुलदीप की गेंद पर तंजीद हसन 29 रन बनाकर LBW आउट हो गए। कुलदीप यादव ने ही तौहीद हृदॉय के रूप में भारत को तीसरी सफलता दिलाई और फिर शाकिब अल हसन का भी विकेट चटकाया। मैच के 16वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने जाकर अली को आउट किया। क्रीज पर रिशाद हुसैन ने कुछ बेहतरीन शॉट्स खेलकर 24 रन बना लिए थे लेकिन बुमराह ने अपना दूसरा विकेट लिया और रिशाद को आउट किया। अंतिम ओवर में अर्शदीप ने महमुदुल्लाह के रूप में विकेट लिया। 20 ओवर में बांग्लादेश 146 रन ही बना सकी।