देवरिया। लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पूरे देश में धुंआधार दौरा चल रहा है। शुक्रवार को पीएम ने बाराबंकी लोकसभा सीट पर जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, कौशल किशोर, प्रदेश सरकार के मंत्री सतीश चंद्र शर्मा भी मौजूद रहे। अपने संबोधन में पीएम ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि- “अगर कांग्रेस आई तो राममंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला बदल देगी।”
इंडी गठबंधन को योगी जी से बुलडोजर की ट्यूशन लेनी चाहिए: PM
पीएम ने आगे कहा कि अगर कांग्रेस आई तो राम मंदिर पर बुलडोजर चलवा देगी। साथ ही तंज कसते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि- “उन्हें योगी जी से ट्यूशन लेना चाहिए कि कहां बुलडोजर चलाना है और कहां नहीं।” पीएम मोदी ने आगे कहा कि- “आपके एक वोट की ताकत ने 500 साल के इंतजार को खत्म करके भव्य राममंदिर में श्रीरामलला को विराजमान कराया। पहले जब लोग रामलला को टेंट में देखते थे तो सरकार को भद्दी-भद्दी गालियां देते थे।
“मोदी कभी हिंदू-मुसलमान नहीं करता”
प्रधानमंत्री ने कहा कि- “कांग्रेस ने रातों-रात कर्नाटक में ठप्पा मारकर मुसलमानों को ओबीसी का आरक्षण दे दिया है। पीएम ने कहा कि मोदी कभी हिन्दू-मुसलमान नहीं करता, बल्कि इंडी गठबंधन के पापों को इतिहास बताता है। प्रधानमंत्री ने यहां अवधी में अपने भाषण की शुरुआत की और कहा कि ‘हम आपके कर्जा मा डूब गयन’ और इस कर्ज को और ज्यादा मेहनत करके चुकाउंगा। नई सरकार में मुझे गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए बहुत सारे बड़े फैसले लेने हैं। इसलिए मैं बाराबंकी और मोहनलालगंज के लोगों से आशीर्वाद मांगने आया हूं। आज आपके सामने एक तरफ देशहित के लिए समर्पित बीजेपी एनडीए का गठबंधन है। दूसरी तरफ देश में अस्थिरता पैदा करने के लिए इंडी गठबंधन मैदान में है। इनके सपनों की इंतहा देखिए, कांग्रेस के नेता ने कह दिया कि रायबरेली के लोग प्रधानमंत्री चुनेंगे। ये सुनते ही समाजवादी शहजादे का दिल टूट गया, बस आंसू नहीं निकले, मगर दिल के सारे अरमां बह गये।”
“पीएम ने इंडी गठबंधन को बताया ऊटपटांग खिचड़ी”
प्रधानमंत्री ने इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि- “इस ऊटपटांग खिचड़ी को आप लोग वोट देकर अपना वोट बर्बाद न करें। भाजपा का सांसद होगा तो दिल्ली और लखनऊ से योजनाएं लेकर आएगा। अगर इंडी गठबंधन का सांसद होगा तो उसका मापदंड होगा कि उसने मोदी को कितनी गाली दी। 5 साल मोदी को गाली नहीं, क्षेत्र का विकास करने वाला सांसद चाहिए। इसके लिए आपके पास एक ही विकल्प है ओनली कमल। बाराबंकी से राजरानी रावत और मोहनलालगंज से कौशल किशोर को हर बूथ पर विजयी बनाना है।”
रामकाज से राष्ट्रकाज की प्रेरणा मिलती है: PM
पीएम मोदी ने कहा कि- “भाजपा सबका साथ सबका विकास, सबका प्रयास के पवित्र मंत्र पर चलती है। बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ सबको दिया जाता है। सपा के शासन में क्या होता था, उस समय बिजली भी वोट जिहाद करने वालों के लिए रिजर्व रहती थी। वोट बैंक की सच्चाई को जनता समझ चुकी है। रामकाज से आगे अब राष्ट्रकाज के लिए समय आ गया है। रामकाज से राष्ट्रकाज की प्रेरणा मिलती है। पीएम ने कहा कि यहां का गमछा मुझे भेंट दिया गया। जो बहुत प्रसिद्ध हो रहा है। हमारे योगी जी ने यूपी में ओडीओपी मिशन चलाया है। अब मैं विदेश जाता हूं तो गिफ्ट क्या लेकर जाउंगा इसके लिए बहुत मेहनत नहीं करना होता। ओडीओपी की वेबसाइट पर जाकर सामान देख लेता हूं, उसमें से 6-7 चीजें बुक कर लेता हूं। योगी जी ने इसे जीआई टैग दिला दिया है।”