देवरिया। अयोध्या के भदरसा में हुई 12 साल की बच्ची से गैंग रेप के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। मामले के मुख्य आरोपी और समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष मोईद खान के शॉपिंग कॉम्पलेक्स पर बुलडोजर चलाकर गिरा दिया गया है। यह कार्रवाई राजस्व विभाग और अयोध्या विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की मौजूदगी में हुई। मौके पर पुलिस फोर्स और पीएसी के जवान भी तैनात थे।

अवैध था शॉपिंग कॉम्प्लेक्स

अयोध्या विकास प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी का शॉपिंग कॉम्पलेक्स अवैध रूप से किया गया था। कॉम्प्लेक्स के लिए तालाब और चकरोड की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा किया गया था। निर्माण से पहले प्राधिकरण से इसका नक्शा भी पास नहीं किया गया था। नोटिस देने के बाद भी किसी तरह की कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं कराई गई थी। आखिरी में प्राधिकरण ने अवैध निर्माण को गिराने का आदेश पारित किया और गुरुवार को अवैध निर्माण गिरा दिया गया।

पुलिस हिरासत में है मोईद खान

मोईद खान को अयोध्या पुलिस ने 30 जुलाई को 12 साल की लड़की के रेप के आरोप में गिरफ्तार किया था उसके साथ ही उसकी बेकरी में काम करने वाले कर्मचारी राजू खान को भी गिरफ्तार किया गया था। दोनों ने रेप की वारदात को 2 महीने पहले अंजाम दिया था। मामले का खुलासा तब हुआ जब लड़की गर्भवती हो गई। आरोपियों ने घटना की वीडियोग्राफी भी की थी और पीड़िता को अपनी राजनीतिक पहुंच की धमकी देकर किसी से कुछ ना कहने को कहा था।