देवरिया। भारत ने वर्ल्डकप में लगातार अपनी छठी जीत दर्ज कर ली है। लखनऊ में हुए भारत-इंग्लैंड मैच में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हरा दिया है। मैच में टॉस इंग्लैंड ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 229 रन बनाए। 230 रनों का पीछा करने मैदान पर उतरी इंग्लैंड की टीम कुछ खास खेल नहीं दिखा पाई और 129 रनों पर सिमट गई। मैच में रोहित शर्मा प्लेयर ऑफ द मैच रहे।



रोहित ने संभाली कप्तानी पारी

भारत की तरफ से रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने ओपनिंग की, लेकिन यह साझेदारी कुछ खास नहीं कर पाई और शुभमन गिल सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद आए विराट कोहली के जीरो पर आउट होने के साथ ही फैंस के दिलों की धड़कन बढ़ गई। चौथे नंबर पर आए श्रेयस अय्यर के 4 रनों पर आउट होने के साथ ही पूरी टीम दबाव में नजर आई। के एल राहुल ने 39 रन और सूर्यकुमार यादव ने 49 रन बनाए जिससे स्कोर कुछ मजबूत होता नजर आया। इसके बाद किसी खिलाड़ी का बल्ला नहीं चला, नौवें नंबर पर आए बुमराह ने 16 रन बनाए, लेकिन रोहित शर्मा के 87 रनों की बदौलत टीम इंडिया का स्कोर 229 रनों तक पहुंचा।


भारतीय गेंदबाजों के सामने नहीं टिकी इंग्लैंड की टीम
इंग्लैंड की टीम को महज 230 रनों का लक्ष्य मिला था, वर्ल्डकप के लिहाज से यह बड़ा स्कोर नहीं माना जाता। लेकिन इंग्लैंड को इस लक्ष्य को पाने से रोकने का पूरा श्रेय भारतीय गेंदबाजों को जाता है। भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड पर शुरुआत से दबाव बनाकर रखा। जो रूट, बेन स्टोक्स और मार्क वुड बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। लियाम लिविंगस्टोन ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए। डेविड मलान ने 16, डेविड विली ने नाबाद 16, मोईन अली ने 15, जॉनी बेयरस्टो ने 14, आदिल रशीद ने 13, जोस बटलर और क्रिस वोक्स ने 10-10 रन बनाए।