देवरिया। पुणे में खेले गए भारत बांग्लादेश मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को 7 विकटों से हराकर वर्ल्डकप का चौथा मैच भी अपने नाम कर लिया है। बांग्लादेश ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। बांग्लादेश की टीम ने 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 256 रन बनाए और भारत को 257 रनों का लक्ष्य दिया। जिसे भारत ने 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। वर्ल्डकप की रैंकिग में भारत अभी दूसरे स्थान पर है और पहले स्थान पर न्यूजीलैंड है।

विराट की शतकीय पारी ने मैच को बनाया रोमांचक
भारत ने 40 ओवर होने से पहले ही मैच लगभग अपने नाम कर लिया था। क्रिकेट फैंस भारत की जीत के लिए तो निश्चिंत थे लेकिन उनकी सांसे अटकी हुई थी विराट कोहली के शतक पर। एक समय पर विराट कोहली को अपना शतक पूरा करने के लिए 9 रन चाहिए थे और भारत को जीत के लिए भी 9 रन ही चाहिए थे। क्रीज पर विराट और के एल राहुल टिके हुए थे। इस समय दोनों ने अपने अनुभव से काम लिया और हर गेंद पर विराट को स्ट्राइक पर रखा। आखिर में विराट ने छक्का लगाया और इसी के साथ अपना वनडे क्रिकेट का 48वां शतक पूरा किया और देश को जीत भी दिलाई।
भारतीय बल्लेबाजों और गेंदबाजों की पारी
भारतीय बल्लेबाजों में भारत के लिए विराट कोहली ने नाबाद 103 रन बनाए, लोकेश राहुल ने नाबाद 34 रनों का योगदान दिया। कप्तान रोहित शर्मा ने 48 रन जोड़े और शुभमन गिल ने अपना अर्धशतक पूरा करते हुए 53 रन जोड़े। गेंदाजों की बात की जाए तो भारत के लिए बुमराह, मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा ने 2-2 विकेट झटके वहीं शार्दुल ठाकुर और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला। इस वर्ल्डकप में अब तक भारतीय बल्लेबाजों के साथ-साथ गेंदबाजों का भी पूरा योगदान रहा है।
बांग्लादेश के लिए लिटन दास ने बनाए सबसे ज्यादा रन
बांग्लादेश के लिए सबसे 66 रन लिटन दास ने बनाए। वहीं, तंजीद हसन ने 51 रन और महमुदुल्लाह ने 46 रन की पारी खेली। मुश्फिकुर रहीम ने 38 रन का योगदान देकर टीम को 256 रनों के स्कोर तक पहुंचाया। बांग्लादेश के लिए मेहदी हसन ने दो और हसन महमूद ने एक विकेट लिया।
अगला मैच भारत और न्यूजीलैंड के बीच 22 अक्टूबर को धर्मशाला में खेला जाएगा। दोनों ही टीमें वर्ल्डकप में अब तक अजेय रही हैं और अंक तालिका में पहले और दूसरे स्थान पर, इस लिहाज से यह मैच सबसे ज्यादा रोमांचक होने वाला है। ट्रॉफी की तरफ एक कदम बढ़ाने के साथ-साथ स्कोर बोर्ड पर पहला स्थान पाने की कोशिश भी दोनों टीमें करेंगी।
पीएम मोदी ने भी दी बधाई
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी टीम इंडिया को जीत की बधाई दी और अपने एक्स अकाउंट पर लिखा-
“एक और असाधारण खेल! बांग्लादेश के खिलाफ शानदार जीत पर हमें अपनी क्रिकेट टीम पर गर्व है। विश्व कप के दौरान हमारी टीम शानदार फॉर्म में है। अगले मैच के लिए शुभकामनाएं”
सीएम योगी आदित्यनाथ ने लिखा ‘विराट’ विजय!
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी टीम इंडिया को बधाई दी है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा-
‘विराट’ विजय!
बांग्लादेश के विरुद्ध शानदार जीत की पूरी भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई! विश्व कप में भारतीय टीम की विजय पताका ऐसे ही फहराती रहे… जय हिंद!