देवरिया। ICC वर्ल्डकप में भारत ने अपने दूसरे मैच में अफगानिस्तान को 8 विकेट से हरा दिया है। वर्ल्डकप में भारत की यह लगातार दूसरी जीत है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अफगानिस्तान ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अफगानिस्तान ने भारत को 273 रनों का लक्ष्य दिया था जिसे भारतीय बल्लेबाजों ने 35 ओवर में ही 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया और अपनी जीत पर मुहर लगाई
रोहित शर्मा ने खेली धुआंधार पारी
पिछले मैच में रोहित शर्मा बिना रन बनाए ही आउट हो गए थे। उसकी कसर उन्होंने इस मैच में निकाल ली। रोहित शर्मा ने 84 गेंदों में 16 चौके और पांच छक्के लगाए। उनकी 131 रन की बेहतरीन पारी ने ही भारत की जीत पक्की कर दी थी। वहीं, विराट कोहली 56 गेंदों में 55 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 35वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई। विराट कोहली का यह वनडे करियर का 68वां अर्धशतक था।
अफगानी कप्तान ने बनाए सबसे ज्यादा रन
अफगानिस्तान की टीम में कप्तान हशमतुल्लाह शहीदी ने सबसे ज्यादा 80 रन बनाए। अजमतुल्लाह ओमरजई ने 62 रन और इब्राहिम जादरान ने 22 रन बनाए। भारतीय गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। हार्दिक पांड्या को 2, और शार्दुल, कुलदीप को एक-एक विकेट मिले। भारत अपना अगला मैच पाकिस्तान के साथ 14 अक्टूबर को अहमदाबाद में खेलेगा।