देवरिया। भारतीय क्रिकेटर्स ने वर्ल्डकप के अपने पहले ही मैच में गजब का खेल दिखाया और शानदार जीत के साथ आगाज किया है। पहले ही मैच में टीम इंडिया ने पांच बार वर्ल्डकप चैंपियन रहे कंगारुओं को 6 विकेट से रौंद दिया। चेन्नई में दर्शकों से खचाखच भरे एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मैच ने भारतीय क्रिकेट प्रेमियों की इस बार वर्ल्डकप लाने की उम्मीद को और बढ़ा दिया है। भारत का अगला मैच 11 अक्टूबर को अफगानिस्तान के साथ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा।
ऑस्ट्रेलियाई टीम 199 के स्कोर पर सिमटी
मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और 49.3 ओवर में 199 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत ही खराब रही, मिचेल मार्श बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर ने दूसरा विकेट होने तक 69 रन की साझेदारी कर एक ठीकठाक स्कोर तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से स्टीव स्मिथ ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। मार्नस लाबुशेन ने 27, पैट कमिंस ने 15, कैमरन ग्रीन ने 8, जम्पा ने 6 और मिचेल स्टार्क ने 28 रन जोड़े।
भारत ने चार विकेट में ही पा लिया लक्ष्य
200 रन को चेस करने पहुंची टीम इंडिया के लिए लक्ष्य को पाना कठिन नहीं था, लेकिन शुरुआत के दो ओवर में दो रन पर तीन विकेट गिरते ही दर्शकों की सांसें थम गई थी। ईशान किशन, कप्तान रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर बिना खाता खोले ही आउट हो चुके थे। इसके बाद क्रीज पर उतरे विराट कोहली और केएल राहुल की जोड़ी ने दर्शकों की उम्मीद को फिर से जगाया और 165 रन की बेहतरीन साझेदारी ने टीम को जीत के काफी करीब ला दिया। विराट के आउट होने के बाद राहुल मैदान पर डटे रहे और पैट कमिंस की गेंद पर छक्का लगाकर टीम इंडिया को जीत दिलाई। विराट कोहली ने 85 रन और केएल राहुल ने नाबाद 97 रन बनाए। भारतीय टीम की तरफ से रविंद्र जडेजा ने तीन विकेट लिए। वहीं, कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह ने दो-दो विकेट लिए और मोहम्मद सिराज, हार्दिक पांड्या और रविचंद्रन अश्विन ने एक-एक विकेट झटके।