देवरिया। भारतीय टीम ने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत ने न्यूजीलैंड को 70 रनों से हरा दिया है। भारत वर्ल्डकप के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। भारतीय टीम से विराट कोहली ने शानदार 117 रनों का योगदान दिया साथ ही सचिन के शतक का रिकॉर्ड भी तोड़ा, श्रेयस अय्यर ने भी सेंचुरी बनाकर टीम के स्कोर में एक अहम योगदान दिया। गेंदबाजों की बात की जाए तो शामी टीम इंडिया के हीरो साबित हुए। 7 विकेट लेकर शामी आज प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को दिया 398 रनों का बड़ा लक्ष्य
टीम इंडिया ने टॉस जीता और वानखेड़े की पिच को देखते हुए पहले बैटिंग करने का फैसला किया। कप्तान रोहित शर्मा ने 29 गेंदों में 47 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को एक अच्छी शुरुआत दिलाई। भारत के लिए विराट कोहली ने सबसे बड़ी 117 रनों की पारी खेली, जो उनके वनडे करियर का 50वां शतक भी था। इसके अलावा श्रेयस अय्यर ने 105 रन और शुभमन गिल ने 80 रन बनाकर टीम को एक मजबूत स्थिति में खड़ा किया और न्यूजीलैंड को 398 रनों का लक्ष्य दिया।
न्यूजीलैंड ने दी बराबरी की टक्कर
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने हालांकि 2 विकेट जल्द ही गंवा दिए लेकिन मैच में अंत तक डटे रहे। डेरिल मिचेल की 134 रनों की पारी ने भारतीय फैंस की सांसें अटका दी थी। मिचेल ने 119 गेंदों में 9 चौके और 7 छक्कों की मदद से 134 रनों की शानदार पारी खेली। तीसरे विकेट के लिए न्यूजीलैंड ने भारतीय गेंदबाजों को काफी मेहनत कराई। कप्तान केन विलियमसन और डेरिल मिचेल ने तीसरे विकेट के लिए 149 गेंदों में 181 रनों की साझेदारी की। तीसरा विकेट 33वें ओवर में शमी की गेंद पर विलियमसन के रूप में मिला। विलियमसन ने 73 गेंदों में 9 चौके और 1 छक्के की मदद से 69 रनों की पारी खेली। फिलिप्स और मिचेल ने पांचवें विकेट के लिए 61 गेंदों में 75 रनों की साझेदारी की।
शमी की गेंदबाजी ने किया कमाल
न्यूजीलैंड के खिलाफ हुए मैच में भारतीय टीम के लिए शामी हीरो साबित हुए। न्यूजीलैंड की टीम लगातार रनों की बौछार कर रही थी और भारत को विकेट की सख्त दरकार थी, जिसे शामी ने विलियमसन के रूप में पूरा किया। भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा 7 विकेट लिए। उन्होंने 9.5 ओवर में सिर्फ 57 रन दिए। शामी के अलावा सिराज, बुमराह और कुलदीप यादव को 1-1 विकेट मिला।
फोटो सौजन्य- एक्स