देवरिया। हालांकी मानसून केरल पहुंच चुका है और इसके जल्द ही आगे बढ़ने की भी संभावना है। लेकिन अभी भी देश के कई राज्य हीट वेव की चपेट में हैं। ज्यादातर राज्यों में स्कूल बंद करा दिए गए हैं और हीट वेव का अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। जब तक मानसून नहीं आ जाता है हालात इसी तरह रहने वाले हैं। ऐसे में जरूरी है कि खुद को और अपने परिवार को हीट वेव से बचा कर रखें। बहुत जरूरी होने पर ही घर से निकलें और निकलना बहुत ज्यादा जरूरी हो तो पूरी सावधानी बरतें। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिन बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं।
बिहार में चुनाव ड्यूटी में लगे 6 कर्मियों की मौत
बिहार में हालत इस कदर बिगड़े हुए हैं कि वहां अंतिम चरण का मतदान हिट वेव स्ट्राइक के बीच होनी है। हीट वेव को देखते हुए सभी स्कूलों को 8 जून तक बंद करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। गुरुवार को बिहार में अलग-अलग जगहों पर चुनाव ड्यूटी में लगे 6 कर्मचारियों की हीट वेव की चपेट में आने से मौत हो गई। छपरा में 2, भोजपुर जिले में 3 चुनाव कर्मियों की मौत हो गई। वहीं अरवल जिले में 40 के करीब चुनाव कर्मी तबियत बिगड़ने से अस्पताल में भर्ती कर दिए गए हैं।
दिल्ली समेत इन सभी राज्यों में अलर्ट
देश में दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, एमपी, महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, पश्चिम बंगाल और नॉर्थ ईस्ट के कई राज्यों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया जा चुका है। शहरी क्षेत्रों का तापमान ग्रामीण इलाकों के मुकाबले 60 फीसदी ज्यादा मापा जा रहा है। हाई टेम्प्रेचर वाले जगहों पर मौसम विभाग और जिला प्रशासन दोनों की तरफ से चेतावनी जारी कर दी गई है। आईएमडी ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि पूरे उत्तर भारत, पश्चिम, साउथ और नॉर्थ-ईस्ट के कुछ राज्यों में 2 जून तक दोपहर 12 बजे से लेकर 3 बजे तक लोग घरों से बाहर ना निकलें।
हीट वेव से बचने के लिए रखें इन बातों का ध्यान
• दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच तेज धूप में बाहर निकलने से बचें।
• शरीर में पानी की पर्याप्त मात्रा बनाए रखें। पानी वाले फल जैसे तरबूज, खरबूज और खीरे का भरपूर इस्तेमाल करें।
• सूती के हल्के और ढीले-ढाले कपड़ों का इस्तेमाल करें।
• बाहर निकलते वक्त सर और पूरा शरीर अच्छी तरह से ढक कर निकलें। आंखों पर धूप का चश्मा जरूर लगाएं।
• थोड़ा भी बीमार महसूस करने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
• घर के अंदर भी ठंडी हवा में रहने का प्रयास करें। अगर आप कमरे में है और पंखे से लगातार गर्म हवा आ रही है तब भी आपकी तबियत बिगड़ सकती है।