देवरिया। चीन में चल रहे एशियाए खेलों में भारत ने पहली बार 100 मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। हालांकि मेडल टैली में भारत चौथे स्थान पर है, लेकिन पिछले रिकॉर्ड्स को देखा जाए तो इस एशियाई खेल में भारत के खिलाड़ियों ने अपना बेस्ट दिया है। खेल के बीच से एक से बढ़कर एक प्रेरणा देने वाली कहानियां भी निकल कर आ रही हैं। इन्हीं कहानियों में एक और कहानी है एथलीट हरमिलन बैंस की, जिन्होंने 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता है। जानते हैं ऐसी क्या खास बात है हरमिलन बैंस की इस जीत में और उनके जीते रजत पदक में।
हरमिलन ने 21 साल बाद मां जीत को दोहराया
हरमिलन बैंस पंजाब के होशियारपुर के माहिलपुर कस्बे की रहने वाली हैं। उन्होंने 4 अक्टूबर को एशियाई खेलों में 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता। सिल्वर जीतने के बाद भी उनकी जीत गोल्ड जीतने जैसी बड़ी बन गई है, उसका कारण है कि 21 साल पहले उनकी मां माधुरी सिंह ने भी 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता था। माधुरी सिंह ने 2002 में बुसान में आयोजित एशियाई खेलों में सिल्वर मेडल हासिल किया था। हरमिलन बैंस ने 1500 मीटर की दौड़ में भी रजत पदक जीता है। महज 21 साल के फासले में मां और बेटी का एक ही स्पर्धा में एक समान पदक जीतना देश के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है। हरमिलन को अपनी मां पर और माधुरी को अपनी बेटी पर गर्व है कि दोनों देश के लिए पदक लाई और देश के साथ अपने राज्य का भी नाम रोशन किया।
पंजाब से चुनी गई एकमात्र महिला एथलीट हैं हरमिलन
हरमिलन बैंस ऐसी एकलौती महिला एथलीट हैं जिन्होंने एशियाई खेलों के लिए क्वॉलिफाई किया है। इतना ही नहीं उन्होंने दो कैटेगिरी में क्वॉलिफाई किया था एक 800 मीटर रेस और दूसरा 1500 मीटर रेस। गौरतलब है कि हरमिलन के पिता अमनदीप सिंह ने भी 1996 में साउथ एशियन फेडरेशन खेलों में 1500 मीटर में रजत पदक जीता था। वहीं मां माधुरी ने 2004 में पाकिस्तान में आयोजित एसएएफ खेलों में भी 1500 मीटर और 800 मीटर में भी स्वर्ण पदक जीता था।
अपनी खूबसूरती के लिए भी चर्चा में हैं हरमिलन
अपने खेल के साथ ही हरमिलन बैंस इस वक्त अपनी खूबसूरती के लिए भी सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। सोशल मीडिया पर उनके 119 हजार फॉलोवर्स हैं। हरमिलन अपने मासूम चेहरे और घुंघराले बालों की वजह से खूबसूरत महिला एथलीट्स में गिनी जाती हैं। सोशल मीडिया पर वो अपनी खूबसूरत तस्वीरें साझा करती रहती हैं। हरमिलन ने राइट थाई पर शेर का टैटू कराया है जो सबका ध्यान खींचता है और उन्हें और भी आकर्षक बनाता है। हरमिलन, ब्यूटी, पॉवर और टैलेंट का एक बेहतरीन उदाहरण पेश करती हैं।