देवरिया। लोकसभा चुनाव 2024 के महासंग्राम का आगाज 19 अप्रैल को हो चुका है। 21 राज्यों के 102 लोकसभा क्षेत्रों में 19 अप्रैल को मतदान संपन्न हुआ। इस दिन गूगल और अमूल दोनों ने लोकसभा चुनाव में मतदान के लिए प्रेरित करते हुए कुछ खास किया है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र माना जाता है। यहां पर लोकसभा चुनाव के जरिए ही देश के मुखिया यानी प्रधानमंत्री का चुनाव होता है। यही कारण है कि भारत का लोकसभा चुनाव विश्व स्तर पर इतना महत्व रखता है कि गूगल ने भी उसे अपने डूडल में स्थान दिया है।


गूगल ने डूडल में दिखाया मतदान किए हुए हाथ
लोकतंत्र के इस महापर्व को गूगल ने अपने डूडल में स्थान दिया है। ‘google’ में आने वाले दूसरे ‘o’ के स्थान पर मतदान किया हुआ हाथ दिखाया गया है जिसमें इंडेक्स फिंगर में स्याही लगी हुई दिखाई दे रही है। जैसा कि भारत में मतदान करने के बाद मतदाता की उंगली में लगाई जाती है। इस तरह से गूगल लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित भी कर रहा है। गूगल अक्सर खास मौकों को अपने डूडल में स्थान देता रहा है।


अमूल ने बनाया चुनावों से जुड़ा विज्ञापन
अमूल भी अपने विज्ञापनों में हमेशा देश विदेश में घटने वाली बड़ी घटनाओं और बड़ी खबरों को जगह देता है। लोकसभा चुनावों पर भी अमूल ने अपना विज्ञापन बनाया है। विज्ञापन में अमूल गर्ल एक हाथ में ब्रेड पकड़े हुई है जिसमें ‘vote’ लिखा हुआ है और वहीं दूसरे हाथ में मतदान के बाद लगाई जाने वाली स्याही दिखा रही है। विज्ञापन में सबसे ऊपर लिखा है “वर्ल्ड्स लार्जेस्ट, ग्रेटेस्ट इलेक्शन”।