देवरिया। लंबे इंतजार के बाद आखिकार भारतीय क्रिकेट टीम के नए हेड कोच का ऐलान हो गया है। बीसीसीआई ने गौतम गंभीर को हेड कोच के रूप में चुन लिया है। राहुल द्रविड के बाद अब गौतम गंभीर भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच होंगे। राहुल द्रविड का कार्यकाल टी 20, 2024 के बाद खत्म हो गया है। गौतम गंभीर 42 साल के हैं उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा रहते हुए भारत के लिए कई अहम पारियां खेली हैं। उन्हें टीम को कोच करने का भी अनुभव है।
BCCI सचिव जय शाह ने पोस्ट कर दी जानकारी
गौतम गंभीर को हेड कोच बनाए जाने की जानकारी बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके दी। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा- “मुझे बेहद खुशी है कि मैं गौतम गंभीर को भारतीय क्रिकेट टीम के नए मुख्य कोच के रूप में स्वागत करता हूं। आधुनिक समय में क्रिकेट काफी तेजी से विकसित हुआ है और गौतम ने इस बदलते परिदृश्य को काफी नजदीक से देखा है। अपने पूरे करियर में कई तरह की चुनौतियों का सामना करके अपने रोल को निभाया है। मुझे पूरा विश्वास है कि गौतम भारतीय क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए आदर्श व्यक्ति हैं।”
क्रिकेट कोच करने के अनुभवी हैं गंभीर
गौतम गंभीर टीम इंडिया के 2007 और 2011 में वर्ल्डकीप जीतने के वक्त भी भारतीय टीम का हिस्सा थे। वनडे विश्व कप 2011 के फाइनल में गंभीर ने 122 गेंदों पर 97 रन की पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। साल 2014 में कोलकाता नाइटराइडर्स ने दूसरी बार आईपीएल का खिताब गंभीर की कप्तानी में ही जीता था। गौतम गंभीर ने आईपीएल टीम को कोच करके अपने कोचिंग करियर की शुरुआत की थी। उनके मेंटॉरशिप में ही लखनऊ जायन्टस ने प्लेऑफ तक का सफर तय किया था।