देवरिया। दोस्त और दोस्ती एक ऐसा शब्द है जिसके बिना हमारी दुनिया अधूरी है। आप उम्र के चाहे किसी भी पड़ाव पर हों आपको दोस्त की जरूरत महसूस होती ही है। इसी दोस्ती के खूबसूरत रिश्ते को सेलिब्रेट करने के लिए ‘फ्रैंडशिप डे’ मनाया जाता है। इस बार फ्रैंडशिप डे 4 अगस्त को आने वाला है। आइए जानते हैं फ्रैंडशिप डे मनाने की शुरुआत कब से हुई और क्यों मनाया जाता फ्रैंडशिप है।


कब मनाया जाता है फ्रैंडशिप डे
फ्रैंडशिप डे हर साल अगस्त में मनाया जाता है। इसके लिए कोई खास तारीख तय नहीं की गई है, अगस्त का पहला संडे जब भी पड़ता है उस दिन फ्रैंडशिप डे मनाया जाता है। सबसे पहले अमेरिका में फ्रैंडशिप डे की शुरुआत हुई थी। धीरे-धीरे इसे भारत, बांग्लादेश, ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया जैसे देशों ने भी अपनाया। वैसे तो दोस्तों के लिए हर दिन खास होता है लेकिन फ्रैंडशिप डे अपने पुराने दोस्तों को याद करने और उन्हें गिफ्ट्स और मैसेजेस भेजने के लिए बेहद खास होता है।


फ्रैंडशिप डे पर अमेरिका में प्रचलित है ये कहानी
फ्रैंडशिप डे की शुरुआत अमेरिका से हुई थी इसलिए यहां पर इस खास दिन से जुड़ी एक कहानी प्रचलित है। कहा जाता है कि अमेरिका में दो बेहद ही खास दोस्त हुआ करते थे। 1935 में दोनों में से एक दोस्त की किसी ने हत्या कर दी। दूसरे दोस्त को जब इस बात का पता चला तो अपने दोस्त के जाने के गम में उसने भी खुदकुशी कर ली। उस दिन अगस्त का पहला संडे था। तब से दोनों दोस्त की दोस्ती को यादगार बनाने के लिए वहां की सरकार ने अगस्त के पहले संडे को फ्रैंडशिप डे के रूप में मनाए जाने का ऐलान किया।


30 जुलाई को होता है अंतर्राष्ट्रीय फ्रैंडशिप डे
अगस्त से पहले 30 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय फ्रैंडशिप डे भी मनाया जाता है। इसकी शुरुआत सन 1958 में पराग्वे से हुई थी। पराग्वे में ही अंतर्राष्ट्रीय फ्रैंडशिप डे मनान का फैसला किया गया। प्रस्ताव पास होने के बाद 30 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय फ्रैंडशिप डे के रूप में घोषित कर दिया गया था। दुनिया के देशों के बीच दोस्ताना संबंध को बढ़ावा देने के लिए 30 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय फ्रैंडशिप डे मनाया जाता है।


इस तरह यादगार बनाएं फ्रैंडशिप डे

• दोस्त को अपनी सबसे पुरानी फोटो फ्रेम करा कर और उसमें एक अच्छा सा मैसेज लिखकर गिफ्ट करें। दोस्ती की पुरानी यादें पाकर आपका दोस्त जरूर खुश हो जाएगा।
• दोस्तों के साथ प्लान करें पार्टी- सभी दोस्त मिलकर एक गेट टूगेदर प्लान करें कोशिश करें इसमें वो सभी दोस्त भी शामिल हों जो आपके शहर से दूर रहते हों। पुराने दोस्तों से मिलने से अच्छा सेलिब्रेशन नहीं हो सकता।
• दोस्त को अपनी फीलिंग्स बताने के लिए लें एक फ्रैंडशिप कार्ड- मार्केट में फ्रेंडशिप डे के लिए एक से बढ़कर एक कार्ड अवेलेबल हैं आप अपनी दोस्ती और दोस्त के हिसाब से कार्ड ले और उन्हें दें। ये उनको जरूर पसंद आएगा।
• अपनी दोस्ती के नाम काटे केक- फ्रेंडशिप डे के लिए एक अच्छा से केक ऑर्डर करें और सभी दोस्त मिलकर काटें। केक पर सभी दोस्तों के नाम या सभी दोस्तों से जुड़ी कुछ ना कुछ चीजों को जरूर एड करें।