देवरिया। महाराष्ट्र में अशोक चव्हाण के बीजेपी में शामिल होने के बाद अब मध्यप्रदेश कांग्रेस के बड़े नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के भी बीजेपी में शामिल होने की चर्चा राजनीतिक गलियारे में तेज हो गई है। ऐसा माना जा रहा है कि कमलनाथ और उनके बेटे सांसद नकुलनाथ बीजेपी में शामिल होने को लेकर किसी भी वक्त ऐलान कर सकते हैं। लोकसभा चुनाव पास है ऐसे में अगर कमलनाथ बेटे समेत बीजेपी में शामिल हो जाते हैं तो इसे MP कांग्रेस के लिए एक बड़ा नुकसान माना जाएगा।

अपने एक्स अकाउंट से हटाया ‘कांग्रेस’ शब्द

कमलनाथ और उनके बेटे के बीजेपी में शामिल होने की चर्चा उस समय और तेज हो गई जब नकुलनाथ ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स से कांग्रेस शब्द लिखा हुआ हटा दिया। नकुलनाथ ने जिस समय एक्स से कांग्रेस हटाया उससे कुछ देर पहले ही कमलनाथ ने अपना छिंदवाड़ा दौरा रद्द करके दिल्ली जाने का प्रोग्राम बनाया और दिल्ली के लिए रवाना भी हो गए। अटकलें लगाई जा रही हैं कि दिल्ली में वो बीजेपी के दिग्गज नेताओं से मुलाकात करने गए हैं।

वीडी शर्मा के बयान से भी अटकलों को मिली हवा

शुक्रवार को ही बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कमलनाथ और उनके बेटे नकुलनाथ को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने साफ कहा था कि कमलनाथ और नकुलनाथ अगर बीजेपी में शामिल होना चाहते हैं तो उनका स्वागत है। वीडी शर्मा के इस बयान के बाद कमलनाथ के बीजेपी में शामिल होने की अटकलों और हवा मिल गई। हालांकि कमलनाथ ने बीजेपी में शामिल होने की अटकलों को कई बार खारिज किया है, लेकिन कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार अशोक सिंह के नामांकन के दौरान कमलनाथ प्रस्तावक होने के बाद भी शामिल नहीं हुए थे।

छिंदवाड़ा के प्रिय नेता हैं कमलनाथ

आपको बता दें कि कमलनाथ की छिंदवाड़ा में अच्छी राजनीतिक पकड़ है। उनके बेटे नकुलनाथ छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र से ही सांसद हैं। बीजेपी में शामिल होने की चर्चा के साथ ही कमलनाथ छिंदवाड़ा में और भी एक्टिव हो गए हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने कमलनाथ को पीसीसी चीफ के पद से हटा दिया था। जिसके बाद कमलनाथ और नकुलनाथ दोनों ही भाजपा को लेकर नरम बयान देते दिखे थे। इसी वक्त से कमलनाथ के कांग्रेस छोड़ने की खबर उठने लगी थी।