देवरिया। बहराइच के गांव कछार में आतंक मचा रहे भेड़ियों में से एक और भेड़ियों को पकड़ लिया गया है। वन विभाग ने मंगलवार सुबह इस भेड़ियों को पिंजरे में फंसाया। ये पांचवा भेड़िया है जिसे वन विभाग ने पकड़ा है। इससे पहले 4 भेड़िए पहले ही पकड़े जा चुके हैं। एक भेड़िया जो लंगड़ा है वो अभी भी घूम रहा है।


इन गांवों में भेड़िए की दहशत
भेड़िए मार्च से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। मार्च में हरदी थाना के मक्कापुरवा, औराही जगीर, कोलैला, नथुवापुर, बड़रिया, नकवा, नयापुरवा समेत कई गावों के ग्रामीणों को अपना शिकार बनाया। भेड़ियों के हमले में आठ बच्चों समेत दस लोगों की मौत हो चुकी है। 37 से ज्यादा लोग घायल भी हो चुके हैं।

भेड़िए को रेंज ऑफिस ले जाया गया
भेड़ियों को पकड़ने में वन विभाग, पुलिस और राजस्व की कई टीमें लगी हुई हैं। 4 भेड़ियों को पकड़ने में पहले ही सफलता मिल चुकी थी। कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार की सुबह भेड़िया सिसैया चूरामणि के हरिबक्स पुरवा के पास लगे पिंजरे में फंस गया। वन विभाग की टीम ने उसे रेंज ऑफिस भेज दिया है। वहीं प्रभागीय वनाधिकारी अजीत प्रताप सिंह ने कहा कि बचे हुए एक आदमखोर भेड़िए को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।