देवरिया। मध्यप्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं। प्रदेशके कई नदी नाले उफान पर हैं। बाढ़ के इन हालातों के बीच एक छोटे से गांव में ऐसी घटना घटी जिसे लोग भगवान का चमत्कार मान रहे हैं। यहां पर बाढ़ पीड़ित इलाके में हनुमान जी का एक मंदिर पूरी तरह से बह से गया लेकिन मंदिर में स्थापित भगवान हनुमान की मूर्ति को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। पानी के तेज बहाव के बीच भी हनुमान जी की मूर्ति खड़ी रही।
बजरंगबली को हिला नहीं पाई पानी की तेज धारा
यह पूरी घटना दमोह जिले के जबेरा ब्लॉक के एक छोटे से गांव रोहणी की है। यहां से बहने वाली गुरैया नदी उफान पर है। नदी के किनारे ही बजरंगबली का छोटा सा मंदिर बना हुआ है। लगातार हो रही बारिश के चलते नदी का पानी बढ़ते-बढ़ते किनारे मंदिर तक आ गया और बहाव तेज होने के चलते पूरा मंदिर ढह गया। लेकिन हनुमान जी की मूर्ति जहां पर जैसे स्थापित की गई थी वो वैसे ही खड़ी रही। इस पूरे मंजर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज से वायरल हो रहा है।
नजारा देखने पहुंच रहे लोग
गांव वाले अब पानी के कम होने का इंतजार कर रहे हैं। पानी कम होते ही मंदिर को फिर से स्थापित किया जाएगा। बता दें कि इलाके में भारी बारिश के चलते हालात काफी खराब हो गए हैं। दमोह जिले में नदी किनारे बसे कई गांव टापू में तब्दील हो गए हैं। जिला प्रशासन अलर्ट पर है और बाढ़ ग्रस्त इलाकों में हर संभव मदद पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।