देवरिया। वाराणसी के घाट पूरी दुनिया में मशहूर हैं। इन घाटों के साथ कई धार्मिक और पौराणिक मान्यताएं जुड़ी हुई हैं। इस बार काशी का नमो घाट कुछ अलग कारणों से चर्चा में रहा। वाराणसी में 13 और 14 अप्रैल को “धरोहर काशी की” कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। 14 अप्रैल को नमो घाट पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का फैशन शो आयोजित किया गया था। इस भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश के हस्त शिल्प और बनारसी बुनकर को विश्व स्तर पर पहुंचाना था। इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन “इंडियन मॉइनॉरिटी फाउंडेशन” की तरफ से किया गया था।

अध्यात्म और आधुनिकता का दिखा संगम
नमो घाट पर सजा फैशन शो का मंच पूरी तरह से काशी के रंग में रंगा हुआ था। फैशन शो तो था, पर ना तेज रोशनी थी ना तेज आवाज में फुहड़ गाने। पूरा रैंप दियों से सजाया गया था। फैशन शो में मॉडल्स मनीष मल्होत्रा के डिजाइन किए बनारसी पारंपरिक परिधानों में सजी थीं और पैरों में आलता लगाए हुए थीं। महिलाओं के साथ पुरुषों ने भी पारंपरिक परिधानों में रैंप वॉक किया। पारंपरिक कपड़े, धीमी रोशनी और भारतीय संगीत के बीच संपन्न हुए फैशन शो में आध्यात्म और आधुनिकता का अनूठा संगम नजर देखने को मिला।

मनीष मल्होत्रा ने डिजाइन किए बनारसी कपड़े
इस फैशन शो में भारत के मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने मुख्य रूप से हिस्सा लिया। मनीष मल्होत्रा ने हाथ से बुने बनारसी कपड़ों से पांरपरिक पोषाकें तैयार की थीं। उनके सभी ड्रेसेज को लोगों ने खूब पसंद किया। इस कार्यक्रम को लेकर मनीष भी पूरी तरह से तैयार थे कार्यक्रम से पहले ही उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर अपनी खुशी जाहिर की थी। उन्होंने लिखा –
“काशी एक ऐसा शहर है जहां भारतीय परंपरा और आधुनिकता का अद्भुत संगम होता है। काशी जाना जाता है अपनी संस्कृति, आध्यात्मिकता और अपने विश्व प्रसिद्ध बनारसी हस्तकला के लिए। इस हस्तकला को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के “वोकल फॉर लोकल, लोकल फॉर ग्लोबल” की नीति ने पिछले 10 सालों में नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है । भारत के धरोहर के माध्यम से, मैं “आधुनिक फैशन एवं परंपरा” को साथ लाकर काशी के इस ऐतिहासिक धरोहर को रणवीर सिंह और कृति सेनन के साथ प्रदर्शित करने जा रहा हूं। हम अपने इस प्रयास से काशी के इस हस्तकला को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाना चाहते हैं।”

रणवीर सिंह और कृति सेनन रहे शो स्टॉपर
नमो घाट पर हुए इस फैशन शो में सबसे बड़ा आकर्षण का केंद्र रहे फैशन शो के स्टॉपर रणवीर सिंह और कृति सेनन। दोनों ही कलाकार बनारसी कपड़ों में बेहद खूबसूरत नजर आ रहे थे। कृति सेनन ने मरून और गोल्डन कलर के कॉम्बिनेशन का घेरदार लंहगा पहना हुआ था और रणवीर सिंह ने गहरे बैगनी कलर का बनारसी कुर्ता और धोती पहना हुआ था। इस फैशन को देखने 20 देशों के राजदूत 13 अप्रैल से ही वाराणसी पहुंच गए थे। राजदूतों को काशी विश्वनाथ के दर्शन के साथ नाव से काशी के घाटों का भी भ्रमण कराया गया था।