देवरिया।देश के 5 राज्यों, मध्य प्रदेश,छत्तीसगढ़,राजस्थान, मिजोरम और तेलंगाना में विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं। अब सभी को नतीजों का इंतजार है। चुनाव परिणाम 3 दिसंबर को आने वाले हैं। एग्जिट पोल के अनुमान भी सामने आ चुके हैं। ज्यादातर एग्जिट पोल में राजस्थान और मध्य प्रदेश में बीजेपी, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को बढ़त मिलने का अनुममान लगाया जा रहा है। वर्ष 2018 में तीनों राज्यों में कांग्रेस ने जीत हासिल की थी लेकिन करीब डेढ़ साल बाद एमपी में बीजेपी ने सरकार बना ली थी।
राजस्थान एग्जिट पोल
इंडिया टुडे-एक्सिस मॉय इंडिया’ के एग्जिट पोल ने राजस्थान में कांग्रेस की बढ़त बताई है। वहीं ‘टीवी9-पोलस्ट्रेट’ के एग्जिट पोल ने अनुमान लगाया है किराजस्थान में भाजपा 100 से 110 सीटें हासिल करेगी और कांग्रेस को 90 से 100 सीटें मिल सकती हैं। ‘टाइम्स नाउ-ईटीजी’ के एग्जिट पोल में कहा गया है कि राजस्थान में भाजपा 108 से 128 सीटें हासिल कर पूर्ण बहुमत प्राप्त करेगी और कांग्रेस 56 से 72 सीटों पर सिमट कर रह जाएगी। ‘इंडिया टुडे-एक्सिस मॉय इंडिया’एग्जिट पोल ने बताया है कि राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस 42 प्रतिशत मतों के साथ 86 से 106 सीटें जीत सकती है और बीजेपी को 41 प्रतिशत मतों के साथ 80 से 100 सीटें हासिल हो सकती हैं।
मध्यप्रदेश में बीजेपी की सरकार बना रहे एग्जिट पोल
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में ‘न्यूज 24-टुडेज चाणक्या’ के एग्जिट पोल ने मध्य प्रदेश में भाजपा को 45 प्रतिशत मतों के साथ 151 सीटें मिलने का और कांग्रेस को 38 प्रतिशत मतों के साथ 74 सीटें मिलने का अनुमान लगाया है। जबकी ‘टीवी9-पोलस्ट्रेट’ के एग्जिट पोल में मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने का अनुमान लगाया गया है। इनके मुताबिक कांग्रेस को111-121 सीटें मिल सकती हैं और भाजपा को 106-116 सीटें मिलने का अनुमान है।’इंडिया टीवी-सीएनएक्स’ के एग्जिट पोल में मध्य प्रदेश में कांटे के मुकाबले का अनुमान लगाया गया है, लेकिन बीजेपी को बढ़त दिखाई गई है। इसके अनुसार, भाजपा को 116 तो कांग्रेस को 111 सीटें मिल सकती हैं।’रिपब्लिक-मैट्रिज’ के एग्जिट पोल में मध्य प्रदेश में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है, भाजपा को 118-130 सीटें और कांग्रेस को 97 से 107 सीटें मिल सकती हैं।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के रिपीट होने का अनुमान
छत्तीसगढ़ के लिए ‘न्यूज 24-टुडेज चाणक्या’ के एग्जिट पोल ने अनुमान लगाया है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार फिर से दोहराई जाएगी। इस एग्जिट पोल के आंकड़े के अनुसार, कांग्रेस 57 सीटें हासिल कर सकती है और भाजपा को 33 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं ‘इंडिया टुडे-एक्सिस मॉय इंडिया’ के एग्जिट पोल के अनुसार, छत्तीसगढ़ की 90 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को 42 प्रतिशत मतों के साथ 40 से 50 सीटें मिल सकती हैं तो भाजपा को 41 प्रतिशत वोट के साथ 36 से 46 सीटें हासिल हो सकती हैं।’एबीपी-सी वोटर’ के एग्जिट पोल में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को 41 से 53 सीटें जीतने का और भाजपा को 36 से 48 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। जबकी ‘जन की बात’ के एग्जिट पोल में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को 42 से 53 सीटें हासिल हो सकती हैं।
तेलंगाना में कांग्रेस को बढ़त का अनुमान
तेलंगाना विधानसभा चुनाव के ज्यादातर एग्जिट पोल मेंकांग्रेस को बढ़त दिखाई गई है। ‘इंडिया टीवी-सीएनएक्स’ के एग्जिट पोल के अनुसार 119 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस 63-79 सीट हासिल करके सरकार बना सकती है, वहीं भारत राष्ट्र समिति को 31-47, एआईएमआईएम को 5-7 और भाजपा को 2-4 सीटें मिलने का अनुमान है। टीवी9-पोलस्ट्रेट’ के एग्जिट पोल ने अनुमान लगाया गया है कि कांग्रेस को 49-59 सीटें और बीआरएस को 48 से 58 सीटें मिल सकती है।भाजपा को पांच से 10 तो एआईएमआईएम को 6 से आठ सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। ‘रिपब्लिक टीवी-मैट्रिज’ के अनुसार, तेलंगाना में कांग्रेस 58 से 68 सीटें हासिल करके सरकार बना सकती है तो बीआरएस को 46 से 56 सीटें हासिल हो सकती हैं। भाजपा को चार से नौ और एआईएमआईएम को छह से आठ सीटें मिलने का अनुमान है।
मिजोरम में खंडित जनादेश का अनुमान
मिजोरम विधानसभा चुनाव केज्यादातर एग्जिट पोल में खंडित जनादेश रहने का अनुमान लगाया गया है। ‘इंडिया टीवी-सीएनएक्स’ के एग्जिट पोल में कहा गया है कि मिजो नेशनल फ्रंट को14 से 18 सीटें हासिल हो सकती हैं और वह सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर सकती है। आपको बता दें मिजोरम में 40 विधानसभा सीटें है। मिजोराम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) को 12-16 सीटें हासिल हो सकती हैं तो कांग्रेस को आठ से 10 और भाजपा को अधिकतम दो सीटें मिल सकती हैं।