देवरिया।वर्ष 2024 में अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर में राम लला विराजमान हो जाएंगे। राम लला अपने साथ, सालों से राम मंदिर की सेवा और उसके निर्माण कार्य से जुड़े पुजारी, सेवादारों और कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आ रहे हैं। मंदिर ट्रस्ट ने फैसला लेते हुए यह तय किया है कि राम मंदिर के कर्मचारियों को भी सरकारी कर्मचारियों की तरह ही सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। पुजारियों, कर्मचारियों और सेवादारों में राम लला के पधारने की खुशी तो पहले ही थी इस ऐलान के बाद उनकी खुशी दोगुनी हो गई है।

क्या-क्या सुविधाएं होंगी शामिल

यह सुविधा राम मंदिर में राम लला के विराजमान होने के बाद यानी की साल 2024 से मिलनी शुरू हो जाएंगी। अब तक उन्हें केवल उनकी तनख्वाह दी जाती थी उसके अतिरिक्त किसी प्रकार की सुविधा नहीं मिल रही थी। इस फैसले के तहत अब उन्हें सरकारी कर्मचारियों दी जाने वाली सारी सुविधाएं दी जाएंगी जिनमें मेडिकल अलाउंस, हाउस अलाउंस, छुट्टी के साथ टूर और खाने-पीने के लिए अलाउंस को शामिल किया गया है। यह सुविधा सेवादारों, पुजारियों और मंदिर के दूसरे कर्मचारियों को मिलेगी।

मंदिर ट्रस्ट वहन करेगा पूरा भार

पुजारी कर्मचारियों को दी जाने वाली इस अतिरिक्त सुविधा का पूरा भार श्री राम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट वहन करेगा। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद मंदिर ट्रस्ट को यह अधिकार मिल गया था। जिसके बाद ट्रस्ट ने सबसे पहले बीते अप्रैल में पुजारियों और सेवादारों की तनख्वाह में बढ़ोतरी करके 8 हजार से 15 हजार रुपए कर दिया था और अब मंदिर ट्रस्ट ने राम लला के प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही सारी सुविधाएं भी दिए जाने का ऐलान कर दिया है।

नए-पुराने सभी कर्मचारियों को मिलेगी सुविधा
यह सुविधा मंदिर से जुड़े सभी कर्मचारियों को दी जाएगी। जो पुजारी और कर्मचारी लंबे समय से मंदिर से जुड़े हुए हैं उनके साथ-साथ नए जुड़े कर्मचारियों को भी यह सुविधा दी जाएगी। अयोध्या में बन रहे मुख्य मंदिर के अलावा, मंदिर परिसर में और 5 मंदिर भी बनाए जा रहे हैं। इन नए मंदिरों के लिए भी नए साल में नए पुजारी और सेवादार नियुक्त किए जाएंगे। नए नियुक्त कर्मचारियों को सारी सुविधाएं पुराने पुजारियों और सेवादारों के बराबर ही मिलेगी।