देवरिया। ठंड के मौसम में गरमारम पराठों का तो नाम सुनकर ही मुंह में पानी आने लगता है। नाश्तों में सबसे आसानी से बनने वाले और टेस्टी होते हैं पराठे। अलग-अलग सब्जियों और दालों से बनने वाले ये पराठे बनाने में भी आसान होते हैं और ठंड में स्वास्थ के लिए भी लाभदायक। सामान्यतौर पर तो पराठें सभी बनाते हैं पर यहां हम कुछ ट्विस्ट के साथ पराठों की रेसिपी बता रहे हैं जिससे ना सिर्फ बड़े बल्कि बच्चे भी बड़े चाव से खाएंगे।
आलू के पराठे चीज़ के साथ
सामग्री- गेंहू का आटा, उबले हुए आलू, बारिक कटी हरी मिर्च, बारिक कटा हरा धनिया, अदरक लहसुन का पेस्ट, धनिया पावडर,चाट मसाला, नमक, तेल या घी और चीज़ (प्रोसेस्ड या मौजरेला)
विधि- आलू का पराठा बनाने के लिए सबसे पहले आटे में नमक और अजवाइन डालकर नरम डो तैयार कर लें और ढक कर अलग रख लें। अब मसाला तैयार करने के लिए उबले हुए आलू को छीलकर मैश कर लें और उसमें बाकी सभी सामाग्रियां हरी मिर्च, हरा धनिया, अदरक-लहसुन का पेस्ट, धनिया पावडर, नमक और चाट मसाला मिक्स कर लें। आलू को ऐसे मैश करें कि उसका कोई पार्ट कड़ा ना रह जाए, जिससे पराठों के फटने की गुंजाइश ना रहे। अब आटे की अपने अनुसार लोई तोड़ लें और थोड़ा आटा लगाकर हाथों से कटोरी के जैसा शेप दें फिर उसमें आलू का मसाला भर लें और बीच में थोड़ा ग्रेट किया हुआ चीज़ डालें फिर मसाले को आटे से पूरी तरह से पैक करके बेल लें। फिर तवे पर पहले बिना तेल लगाए हल्का सेंक ले और फिर तेल, घी या मक्खन लगाकर अच्छी तरह सेंक लें। जब आलू के मसाले सिकेंगे तब अंदर फिल किया चीज़ मेल्ट होकर मसाले में फैलेगा। चीज़ का यह स्वाद बच्चों को बेहद पसंद होता है। इस तरह से बनाने पर पराठा खाने में आनाकानी करने वाले बच्चे भी आलू पराठा जरूर खाएंगे।
हरी मटर के पराठे कॉर्न के साथ
सामाग्री-हरा मटर, फ्रोजन कॉर्न, तेल, हींग, मिर्च, अदरक, लहसुन, नमक, गेंहूं का आटा, आजवाइन
विधि-सबसे पहले आटे में नमक डालकर अच्छी तरह गूंथ लें और कपड़े से ढक कर अलग रख दें। फिर हरे मटर के दानें और मटर के आधे से भी कम मात्रा में कॉर्न लेकर मिक्सी में अच्छी तरह पीस लें। पीसते समय ही उसमें हरी मिर्च, लहसुन और अदरक भी मिला लें। फिर कढ़ाही में तेल गर्म करके उसमें हींग और बारिक कटी हुई हरी मिर्च डालें। फिर उसमें पिसे हुए मटर और कॉर्न का पेस्ट डाल लें और उसे तब तक सेंके जब तक तैयार पेस्ट का पानी ना सूख जाए। अब आटे की लोइयों में मटर के तैयार मसाले को ठंडा करके भर लें ओर पराठों की तरह बेल कर तवे पर अच्छी तरह से सेंक लें। हरी चटनी या नारियल की चटनी के साथ परोसें।
चने की दाल के पराठे
सामग्री-गेहूं का आटा, चने की दाल, तेल, अदरक लहसुन, हरा धनिया, हींग, हरी मिर्च, चिलि फ्लेक्स और ऑरिगेनो
विधि- सबसे पहले आटे में नमक डालकर अच्छी तरह गूंथ लें। ढक कर अलग रख दें। पहले से गूथे हुए आटों से पराठे अच्छी तरह फूले-फूले बनते हैं। चने की दाल को कूकर में 2-3 सीटी लगा लें। दालों को सिर्फ नरम होने तक पकाना है ज्यादा नहीं गलाना है। फिर कूकर ठंडा हो जाने पर चने की दाल को ठंडा करके मिक्सी में पीस लें, पीसते वक्त ही हरी मिर्च, अदरक, लहसुन भी मिला लें। तैयार पेस्ट को भी मटर के पेस्ट की तरह कढाही में तेल गर्म करके हिंग और जीरा डालकर सूखते तक सेंक लें। फिर ठंडा करके उसे आटे की लोई में स्टफ करके पराठे बेल लें, दाल की स्टफिंग भरते वक्त उसमें ऊपर से चिली फ्लेक्स और ऑरिगेनों की सीजनिंग करें । अब तैयार लोइयों को बेल कर तवे पर लाल होने तक कुरकुरा सेंक लें। इसे टमाटर मिर्च की या धनिया और मिर्च की चटनी के साथ परोसें। बच्चे सॉस या मेयोनीज के साथ भी खा सकते हैं।
मूली के पराठे
सामाग्री- मूली, आजवाइन, अदरक, नमक, तेल , गेहूं का आटा, हरी मिर्च
विधि- मूली के पराठे बनाने के लिए मूली को किस कर उसका पानी निचोड़ कर निकाल लें। अब कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करके हरी मिर्च डालकर मूली को थोड़ा सेंक लें। अब आटे में नमक और आजवाइन डालकर गूंथ लें और ऊपर से तेल लगाकर कुछ देर रहने दें। जब मूली का भरावन ठंडा हो जाए तो आटे की छोटी-छोटी लोइयां तोड़कर तैयार मूली उसमें भर लें और पराठें बेलकर तवे पर सेंक लें। अचार या किसी भी चटनी के साथ ये पराठे और भी स्वादिष्ट लगते हैं।