देवरिया। गर्मी चरम पर है और पारा आसमान छू रहा है। लेकिन काम के लिए हर रोज हमें घर से निकलना पड़ता है और इस चिलचिलाती धूप-गर्मी का सामना भी करना पड़ता है। ऐसे में हमें अपनी बॉडी को ठंडा रखना बेहद जरूरी है। शरीर के तापमान को बैलेंस बनाए रखने के लिए डिटॉक्स वॉटर एक बहुत अच्छा विकल्प है। इससे शरीर ठंडा भी रहता है और शरीर में मौजूद कुछ विषाक्त तत्वों को भी बाहर कर देता है जिससे त्वचा भी ग्लो करती है। यहां जानते हैं कुछ डिटॉक्स वॉटर को बनाने की विधि जो इन गर्मियों में आपको तरोताजा तो रखेगी ही साथ ही इससे वेट लॉस में भी हेल्प होगी।
लेमन-मिंट डिटॉक्स वॉटर
लेमन मिंट डिटॉक्स वॉटर बनाने के लिए एक कांच की बॉटल में नीबू को स्लाइस करके डालें साथ में पुदीने की कुछ ताजी पत्तियां भी डालें। अब इस पानी को तीन से चार घंटे तक ऐसे ही रहने दें। चाहें तो फ्रिज में ठंडा करने भी रख सकते हैं। दिनभर में जब भी मन करें इस डिटॉक्स वॉटर का इस्तेमाल कर सकते हैं।
खीरा डिटॉक्स ड्रिंक
खीरा शरीर को हाइड्रेट रखने में बहुत कारगर होता है। खीरे से डिटॉक्स वॉटर बनाने लिए कांच के बॉटल या जार में खीरा, नीबू, काला नमक और पुदीने को एक साथ क्रश करके रख लें और रात भर या कुछ घंटे के लिए छोड़ दें। जब भी प्यास लगे सादे पानी की जगह इसी पानी का इस्तेमाल करें। गर्मियों में दिनभर शरीर को ठंडा रखने और वजन को कंट्रोल करने में भी यह मदद करता है।
ऑरेंज डिटॉक्स वॉटर
संतरा वैसे भी विटामिन सी लेने का सबसे अच्छा जरिया होता है। संतरे की खुशबू मात्र से ताजगी महसूस होने लगती है। संतरे से डिटॉक्स वॉटर बनाना भी बेहद आसान है। बस कांच के जार में ठंडा पानी लें और समें संतरे के स्लाइस डाल लें। साथ में चाहें तो थोड़ा काला नमक भी डाल सकते हैं। इस डिटॉक्स वॉटर को भी आप जब भी प्यास लगे पी सकते हैं।
एप्पल और दालचीनी डिटॉक्स वॉटर
एप्पल और दालचीनी से बना डिटॉक्स वॉटर ना सिर्फ शरीर को ठंडक देता है बल्कि फैट बर्न करने में भी मदद करता है। दालचीनी और एप्पल से डीटॉक्स वॉटर बनाने के लिए पानी में दालचीनी का टुकड़ा और सेब के कुछ टुकड़े डाल लें और कम से कम आधे घंटे ऐसे ही रहने दें। इस डिटॉक्स ड्रिक से मेटाबॉलिज्म भी बूस्ट होता है।
कच्चे कैरी और पुदीने का डिटॉक्स वॉटर
गर्मियों में कच्चे कैरी से पना तो लगभग हर घर में बनाया जाता है। लेकिन इससे डिटॉक्स वॉटर भी तैयार किया जा सकता है। इसके लिए ठंडे पानी में कैरी को क्रश कर लें और उसमें कुछ पुदीने की पत्तियां भी मिला दें। कुछ देर कैरी और पुदिने को पानी में ही रहने दें। गर्मी में निकलने से पहले या गर्मी से लौटने पर इस पानी का सेवन करें। यह डिटॉक्स वॉटर शरीर के तापमान को तुरंत संतुलित करता है और लू लगने से भी बचाता है।
नींबू, अदरक, पुदीना डिटॉक्स वॉटरक
इस डिटॉक्स वॉटर को खाना खाने के बाद पिया जाना काफी फायदेमंद है। इसे बनाने के लिए कांच के जार में नींबू, अदरक और पुदीना डालकर कुछ देर के लिए अलग रख दें। चाहें तो फ्रिज में भी रख सकते हैं। इस डिटॉक्स वॉटर का इस्तेमाल गर्मियों में खाना खाने के बाद करना आसान अच्छा होता है। इससे शरीर का मेटाबॉलिज्म भी सही रहता है और गर्मियों में होने वाली अपच की समस्या भी नहीं होती।
