देवरिया । भारत में इन दिनों शादियों का सीजन चल रहा है। तीन दिन (23 जनवरी) पहले टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल ने बॉलीवुड अभिनेत्री अथिया शेट्टी के साथ सात फेरे लिए थे। उनके बाद अब अक्षर पटेल भी बीते गुरुवार को शादी के बंधन में बंध गए। अक्षर ने अपनी मंगेतर मेहा पटेल के साथ गुजरात के वडोदरा में शादी रचाई। अपनी शादी पर उन्होंने सफेद रंग की शेरवानी पहनी जिसमें वह काफी स्मार्ट लग रहे थे। उनकी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

अक्षर और मेहा ने तो अब तक शादी की कोई तस्वीर शेयर नहीं की है लेकिन अब इस कपल के कुछ फोटोज़ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। मेहंदी, हल्दी, संगीत सेरेमनी से लेकर सात फेरों तक के कई फोटोज और वीडियोज़ सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं।

तस्वीरों में अक्षर और मेहा नक्काशीदार सफेद रंग के लिबास में बेहद खूबसूरत नजर आ रहे हैं। यहां अक्षर पारंपरिक पगड़ी बांधे दिखाई दे रहे हैं।

मेहा भी शादी के जोड़े में बेहद प्यारी लग रही हैं। मेहा पटेल एक डायटिशियन और न्यूट्रिशियनिस्ट हैं। वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। वह अक्सर डाइट प्लान शेयर करती रहती हैं।

शादी की रिसेप्शन पार्टी के दौरान की एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर सामने आ रही है। इस तस्वीर में अक्षर और मेहा भारतीय क्रिकेटर जयदेव उनादकट के साथ नजर आ रहे हैं। अक्षर पटेल और मेहा एक-दूसरे को काफी लंबे समय से डेट कर रहे थे। पिछले साल ही दोनों की सगाई हुई थी। शादी की रस्मों के दौरान दोनों काफी मस्ती में नजर आए। कुछ तस्वीरों और वीडियो में अक्षर डांस करते भी दिखाई दिए हैं।

