देवरिया। क्रिकेट का महासंग्राम यानी आईसीसी वर्ल्डकप 2023 का आगाज गुरुवार को हो चुका है। इस महामुकाबले की मेजबानी भारत कर रहा है। वर्ल्डकप का पहला मैच इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद में खेला गया। वर्ल्डकप की धमाकेदार शुरुआत करते हुए न्यूजीलैंड ने वर्ल्डकप चैंपियन इंग्लैंड को 9 विकेट से हरा दिया है।
इंग्लैंड की टीम पर शुरू से हावी रही न्यूजीलैंड
मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इंग्लैंड ने बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट खोकर स्कोर 282 रन बनाए। इंग्लैंड की टीम की तरफ से जो रूट ने 77 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, कप्तान बटलर ने 43 रन बनाए। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज हेनरी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए, वहीं मिचेल सेंटनर और ग्लेन फिलिप्स ने 2-2 विकेट झटके।
न्यूजीलैंड ने 36.2 ओवर में ही हासिल किया लक्ष्य
न्यूजीलैंड ने 283 रन का लक्ष्य सिर्फ एक विकेट गंवाकर 36.2 ओवर में ही हासिल कर लिया था। न्यूजीलैंड की ओर से कॉन्वे ने 121 गेंद में 152 रन की नाबाद पारी खेली। रचिन ने 96 गेंद में 123 रन जोड़े। कॉन्वे और रचिन के बीच 271 रन की नाबाद साझेदारी हुई जिसने जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई। आपको बता दें ड्वेन कॉन्वे का यह पहला वर्ल्डकप मैच है और उन्होंने पहले ही मैच में शतक जड़कर इतिहास रच दिया है।