देवरिया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने हर साल की तरह इस बार भी नवमी तिथी पर कन्या पूजन किया। प्रदेश के मुखिया होने के साथ ही वो गोरक्षपीठाधीश्वर भी हैं। हर साल परंपरा का निर्वहन करते हुए सीएम छोटी-छोटी कन्याओं को देवी रूप में पूजते हैं। इस मौके पर सीएम ने नौ दुर्गा स्वरूपा नन्ही कन्याओं के पांव पखारे, उनका पूजन-अर्चन किया, चुनरी ओढ़ाई और श्रद्धापूर्वक आरती उतारी। फिर बालिकाओं को माला पहनाई, उपहार और दक्षिणा प्रदान की तथा अपने हाथों से भोजन परोसकर उनका आशीर्वाद लिया। पूजा में छोटे बटुक भी शामिल थे। सीएम योगी को बच्चों से खास लगाव है, अक्सर वो अपने कार्यक्रमों में छोटे बच्चों से लाड करते नजर आते हैं।
अपने हाथों से पांव पखारते हैं सीएम
सीएम ने गोरखनाथ मंदिर के अन्न क्षेत्र स्थित भोजन कक्ष में पीतल के परात में जल भरकर एक-एक कर नौ कन्याओं के पांव धोए। दुर्गा सप्तशती के मंत्रोच्चार के बीच उनके माथे पर रोली, चंदन, दही और अक्षत से तिलक कर पुष्प व दुर्वा से अभिषेक किया गया। इस दौरान उन्होंने छह माह की एक बालिका के भी चरण पखारकर उसका पूजन किया। वहीं, हनुमानजी का वेश धारण किए एक नन्हें बालक को भी मुख्यमंत्री ने तिलक लगाकर, माला पहनाकर आशीर्वाद लिया। कन्या पूजन के बाद सीएम योगी ने सभी बालिकाओं व बटुकों को अपने हाथों से मंदिर की रसोई में तैयार ताजा प्रसाद परोसा और यह सुनिश्चित किया कि किसी भी थाली में भोजन की कमी न हो।
उपहार मिलने से उत्साहित दिखे बच्चे
पूजन और प्रसाद वितरण के दौरान सभी छोटे बच्चे काफी उत्साहित दिखे। सभी सीएम से मिलने और बात करने के लिए उत्सुक नजर आ रहे थे। सभी बच्चे उपहार मिलने के बाद और भी खुश नजर आ रहे थे। कन्यापूजन के कार्यक्रम में गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ और काशी से पधारे जगद्गुरु स्वामी संतोषाचार्य सतुआ बाबा समेत अनेक संत उपस्थित रहे।