देवरिया। उत्तर प्रदेश में सीएम योगी लगातार युवाओं के लिए कुछ ना कुछ घोषणाएं कर रहे हैं। लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर सरकारी नौकरी को लेकर बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा, “प्रदेश में 6 महीने में 40 हजार सरकारी नौकरी निकाली जाएंगी।”

सीएम ने बांटे नियुक्ति पत्र
सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोक भवन में 647 वन रक्षकों/वन्यजीव रक्षकों के साथ 41 अवर अभियंताओं को नियुक्ति पत्र बांटा। यह सभी भर्तियां ‘उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग’ द्वारा निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत की गई हैं। सीएम ने कहा- “भर्ती की प्रक्रिया से लेकर नियुक्ति पत्र वितरण की पूरी प्रक्रिया में कहीं भी किसी को सिफारिश कराने की आवश्यकता नहीं पड़ी है।”

अखिलेश यादव पर साधा निशाना
इस दौरान सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा- “पेपर लीक गिरोह का कोई व्यक्ति पकड़ा जाएगा तो सरगना परेशान होगा। 2017 के पहले जिन लोगों ने युवाओं को छला था। वही आज दुष्प्रचार कर रहे हैं।” परीक्षाओं की पारदर्शिता पर कहा कि -“हमने परीक्षा में निगरानी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भी इंतजाम किया है। परीक्षा के लिए प्रदेश में जितने भी सेंटर बनते हैं। हम लखनऊ में बैठकर अभ्यर्थी की CCTV से मॉनिटरिंग कर सकते हैं। हमने हाल ही में 60 हजार पुलिसकर्मियों को भर्ती करने की प्रक्रिया पूरी की है। शिक्षा चयन आयोग का गठन हो चुका है। भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है।”