देवरिया। नवरात्रि के अंतिम दिन यानी नवमी तिथि को देशभर में लोगों ने छोटी-छोटी कन्याओं के रूप में देवी मां की पूजा की और उन्हें भोजन कराया है। उत्तर प्रदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ और मध्यप्रदेश के मुखिया सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी कन्याओं को पूजा और उन्हें भोजन कराया। दोनों ही मुख्यमंत्री हर साल दोनों नवरात्रि में कन्या पूजन करते हैं।


गोरखनाथ मंदिर में हुआ कन्या भोजन
सीएम योगी आदित्यनाथ ने हर साल की तरह गोरखनाथ मंदिर में कन्याओं को बुलाकर भोजन कराया। सीएम ने नौ कन्याओं के पैर पखारे, टीका किया और चुनरी ओढ़ाकर उनकी आरती उतारी। सीएम योगी आदित्यनाथ से दक्षिणा पाकर सभी देवी रूपी बच्चियां काफी उत्साहित नजर आ रही थीं। बच्चियों के साथ ही सीएम ने बटुक पूजन भी किया।


100 से अधिक कन्याओं और बालकों ने ग्रहण किया प्रसाद
गोरखनाथ मठ की रसोई में हर साल कन्या भोजन के आयोजन के लिए खाना बनाया जाता है जहां छोटे बच्चे खाना खाते हैं। 9 कन्याओं के अलावा 100 से ज्यादा कन्याओं और बटुकों ने मठ की रसोई में बने खाने का आनंद लिया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी बच्चों को खाना परोसा और लगातार उनसे बातचीत करते रहे।


सीएम योगी ने तस्वीरों के साथ किया ट्विट
सीएम योगी ने कन्या पूजन की तस्वीरें अपने एक्स अकाउंट पर शेयर की और लिखा-
“आज महानवमी के पुनीत अवसर पर गोरखनाथ मंदिरपरिसर में शक्ति स्वरुपा कन्याओं का पूजन किया। शक्ति की अधिष्ठात्री देवी मां भगवती की कृपा संपूर्ण चराचर जगत पर बनी रहे, सभी का कल्याण हो, यही प्रार्थना है”

भोपाल में सीएम हाउस में संपन्न हुआ कन्या भोजन
भोपाल में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सीएम हाउस में कन्या भोजन का आयोजन कराया। पत्नी साधना सिंह समेत शिवराज सिंह चौहान ने कन्याओं के पैर धोए और फिर पूजा करके उनकी आरती उतारी। कन्याओं पर सीएम ने फूलों की वर्षा भी की और फिर अपने हाथों से भोजन परोसा। साधना सिंह ने भी छोटी-छोटी कन्याओं को अपने हाथों से खाना खिलाया। सीएम हाउस मे 350 से ज्यादा कन्याओं ने भोजन ग्रहण किया। कार्यक्रम में विधानसभा चुनाव के कुछ बीजेपी प्रत्याशी भी मौजूद रहे।


सीएम शिवराज ने किया ट्विट
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अपने एक्स अकाउंट पर कन्याभोज की तस्वीर और वीडियो शेयर की और लिखा-
“यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः
मां, बहन और बेटी में देवी का वास होता है। इनके सम्माेन के बिना कोई भी प्रदेश व देश आगे नहीं बढ़ सकता। अगर ये खुश रहेंगी तो ही मैया प्रसन्नक होंगी और अपनी कृपा की वर्षा निरंतर हम सभी पर करती रहेंगी।
महानवमी के शुभ अवसर पर आज निवास पर कन्या पूजन का सौभाग्ये प्राप्त हुआ।“