देवरिया: योगी सरकार ने मथुरा के बरसाना में श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात दी है। बरसाने में राधारानी के दर्शन के लिए अब सीढ़िया चढ़कर नहीं जाना पड़ेगा। अब राधा रानी मंदिर तक जाने के लिए 210 मीटर लंबा रोपवे लगा दिया गया है। अब सिर्फ 7 मिनट में ही श्रद्दालु नीचे से ऊपर राधा रानी के मंदिर पहुंच सकते हैं।
350 सीढ़ियों के बाद है मंदिर
राधा रानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को 350 सीढ़ियां चढ़कर जाना होता है। कुछ बुजुर्ग श्रद्दालु जो इतनी सीढ़िया चढ़ने में समर्थ नहीं होते हैं वो अब रोप का इस्तेमाल कर के श्रीजी के दर्शन कर सकेंगे। यह रोपवे यूपी का तीसरा और पश्चिमी यूपी का पहला रोपवे है। चित्रकूट और विध्यांचल रोप वे के बाद बरसाना को भी रोप वे की सुविधा मिल गई है।
25 करोड़ की लागत से हुआ तैयार
210 मीटर लंबे रोपवे को बनाने में करीब 25 करोड़ की लागत आई है। साल 2016 में रोप वे प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई थी। रोप वे तैयार होने के बाद सभी ट्रॉलियों को लोड करके ट्रायल लिया गया था। सुरक्षा के सभी पैमानों पर खरा उतरन के बाद ही इसे आम जनता के लिए शुरु किया गया है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक रोपवे की टिकट की कीमत 110 रुपए रखी गई है। कृष्ण जन्माष्टमी पर सीएम योगी ने रोपवे का लोकार्पण किया।