देवरिया: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर से देश के सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री का खिताब जीता है। पिछले साढ़े सात वर्षों में अपने कार्यों से अलग पहचान बनाने वाले योगी आदित्यनाथ, एक बार फिर से ‘मूड ऑफ द नेशन’ सर्वे में देश के सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री के रूप में चुने गए हैं।

सर्वे में 1.36 लाख लोगों ने लिया हिस्सा
इस प्रतिष्ठित मीडिया समूह के सर्वे में 1.36 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया, जिसमें 33 प्रतिशत से अधिक जनता ने योगी को सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री चुना। यह लगातार तीसरी बार है जब योगी आदित्यनाथ को इस सर्वे में देश के सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री का खिताब मिला है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, योगी आदित्यनाथ से काफी पीछे रहे।

33 प्रतिशत से ज्यादा लोग योगी के पक्ष में
‘मूड ऑफ द नेशन’ सर्वे में देश के 30 राज्यों की जनता से सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री के बारे में पूछे गए सवाल पर, सबसे अधिक मत योगी आदित्यनाथ को मिले। 33 प्रतिशत से अधिक लोगों ने उन्हें देश का सबसे बेहतरीन मुख्यमंत्री माना। वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को केवल 13.8 प्रतिशत और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 9.1 प्रतिशत समर्थन मिला, जिससे वे क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।


यूपी के अलावा दूसरे प्रदेश में भी लोकप्रिय हैं योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले साढ़े सात वर्षों में कानून-व्यवस्था से लेकर विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर काम किया है। उनके बुलडोजर मॉडल को विशेष पहचान मिली है। उन्होंने प्रदेश में सड़क संपर्क, बिजली, स्वास्थ्य, और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए मिशन मोड में काम किया है। साथ ही, उत्तर प्रदेश को औद्योगिक हब बनाने की दिशा में उन्होंने यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से 40 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त किए हैं। इसके अलावा, दो करोड़ युवाओं को रोजगार और साढ़े छह लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान कर, उन्होंने अपनी लोकप्रियता को और भी बढ़ाया है।